भारत को मिलेंगे छह नए हवाई ईंधन भरने वाले विमान! इजराइल के साथ 8 हजार करोड़ की डील करीब

नई दिल्ली। भारतीय वायुसेना की हवाई क्षमता बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा रक्षा सौदा होने की संभावना है। इजराइल की सरकारी कंपनी इजराइल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज (IAI) भारतीयr वायुसेना के लिए छह हवाई ईंधन भरने वाले विमान तैयार करने का करीब 905.7 मिलियन डॉलर (लगभग 8,000 करोड़ रुपये) का अनुबंध हासिल करने के करीब पहुंच गई है। इजराइली मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार, इस परियोजना के लिए कंपनी सबसे योग्य बोलीदाता के रूप में सामने आई है।
बोइंग के छह विमानों को दिया जाएगा नया रूप
प्रस्तावित योजना के तहत इजराइली कंपनी छह पुराने बोइंग 767 यात्री विमानों को सैन्य ईंधन भरने वाले टैंकर विमानों में परिवर्तित करेगी। इस परियोजना में भारत की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। शर्तों के मुताबिक, कम से कम 30 प्रतिशत कार्य भारत में किया जाना है। इसके लिए हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) को भारतीय साझेदार बनाए जाने की संभावना है।
2028 से 2030 के बीच मिल सकते हैं विमान
रिपोर्ट के अनुसार, परियोजना को आवश्यक मंजूरी मिलने के बाद विमानों की आपूर्ति वर्ष 2028 से 2030 के बीच किए जाने का अनुमान है। विमान तैयार करने के दौरान स्थानीय स्तर पर तकनीकी एकीकरण, वायरिंग और संरचनात्मक बदलाव जैसे कार्य किए जाएंगे।
वायुसेना की बढ़ेगी परिचालन क्षमता
भारतीय वायुसेना वर्तमान में रूस निर्मित इल्यूशिन-78 (IL-78) ईंधन भरने वाले विमानों का इस्तेमाल कर रही है। नए टैंकर विमानों के शामिल होने से मौजूदा बेड़े को मजबूती मिलने और लंबी दूरी तक लड़ाकू विमानों के संचालन की क्षमता बढ़ने की उम्मीद है। इससे राफेल और सुखोई-30 एमकेआई जैसे लड़ाकू विमानों को उड़ान के दौरान ही ईंधन उपलब्ध कराया जा सकेगा।
ईंधन भरने के साथ परिवहन में भी होंगे उपयोगी
प्रस्तावित बोइंग 767 आधारित विमान केवल हवाई ईंधन आपूर्ति तक सीमित नहीं रहेंगे। इनका इस्तेमाल रणनीतिक हवाई परिवहन, सामान की ढुलाई और सैनिकों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने के लिए भी किया जा सकेगा। इजराइल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज को हवाई ईंधन आपूर्ति से जुड़े विमानों के निर्माण और रूपांतरण का चार दशक से अधिक का अनुभव है।
फिलहाल यह सौदा अंतिम रूप से संपन्न होने की स्थिति में नहीं है। इसके लिए संबंधित प्रक्रियाओं और आवश्यक सरकारी मंजूरियों का पूरा होना बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *