मुख्य सेविका पर उत्पीड़न का आरोप, डीएम से लगाई गुहार

 मुख्य सेविका पर उत्पीड़न का आरोप, डीएम से लगाई गुहार 
– विभागीय व विजिलेंस जांच में शिकायत सही पाए जाने का दावा, कार्रवाई रुकवाने की मांग
फोटो परिचय- डीएम को शिकायती पत्र देने जाती पीड़ित कार्यकत्री।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। गाजीपुर विकास खंड के कठवारा द्वितीय आंगनबाड़ी केंद्र पर कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकत्री ऊषा देवी पत्नी दुर्गा प्रसाद ने मुख्य सेविका शारदा वर्मा पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है।

कार्यकत्री ने जिलाधिकारी को दिए पत्र में पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने व उन्हें भयमुक्त होकर केंद्र का संचालन करने का अवसर दिए जाने की मांग की है।
ऊषा देवी ने पूर्व में मुख्य सेविका शारदा वर्मा पर कथित रूप से रुपये लेने और भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाते हुए 19 जनवरी 2021 को वीडियो क्लिप सहित प्रत्यावेदन कार्यालय में दिया था। इसके बाद तत्कालीन जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य सेविका के विरुद्ध विभागीय एवं विजिलेंस जांच कराई गई। कार्यकत्री का दावा है कि जांच में लगाए गए आरोप सही पाए जाने के बाद जिला कार्यक्रम अधिकारी के निर्देश पर गाजीपुर थाने में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई।

बताया कि निदेशालय स्तर से 20 जनवरी 2026 को जारी आदेश के माध्यम से संबंधित कार्रवाई की गई थी। वहीं, मुख्य सेविका शारदा वर्मा द्वारा उच्च न्यायालय इलाहाबाद से स्थगनादेश प्राप्त किए जाने के बाद पुनः परियोजना में योगदान करने के लिए आदेश जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय को प्राप्त हुआ। आरोप लगाया कि इसके बाद बाल विकास परियोजना अधिकारी बहुआ क्षेत्रीय सुपरवाइजर के माध्यम से उनका स्थलीय निरीक्षण कराने के बजाय फोन पर ही उनकी उपस्थिति एवं केंद्र संचालन की गतिविधियों को फर्जी तरीके से दर्शाते हुए कारण बताओ नोटिस जारी कर मानदेय रोकने की कार्रवाई कर रहे हैं। कार्यकत्री का कहना है कि वह लगातार अपने केंद्र पर उपस्थित रहकर नियमानुसार केंद्र का संचालन कर रही हैं। आंगनबाड़ी कार्यकत्री ने डीएम से संलग्न अभिलेखों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *