आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने वेतन व एरियर की उठाई मांग
– कर्मियों ने नगर पालिका में सौंपा ज्ञापन
फोटो परिचय- नगर पालिका में ज्ञापन सौंपते प्रदेश उपाध्यक्ष धीरज कुमार।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को शासनादेश के अनुसार नया वेतनमान देने, बकाया एरियर का भुगतान करने व पीएफ का पूरा लेखा-जोखा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर मंगलवार को अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के तत्वावधान में नगर पालिका परिषद में ज्ञापन सौंपा गया। पूर्व सभासद एवं संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष धीरज कुमार के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने नगर पालिका के अकाउंटेंट राम गोपाल पांडेय को ज्ञापन देकर कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।

धीरज कुमार ने कहा कि काफी लंबे इंतजार के बाद मुख्यमंत्री द्वारा दो सितंबर 2026 से आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के लिए नए शासनादेश के अनुसार वेतनमान लागू किया गया है। शासन की मंशा के अनुरूप कर्मचारियों को नए वेतनमान का लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने मांग की कि निर्धारित तिथि से नया वेतन भुगतान सुनिश्चित करने के साथ अब तक का बकाया एरियर भी दिया जाए। इसके अलावा कर्मचारियों के पीएफ की जमा धनराशि का पूरा हिसाब उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें अपने अधिकारों की जानकारी मिल सके।
