रामायण पार्ट 2 की रिलीज अब 2028 की दिवाली पर, निर्माता नमित मल्होत्रा ने बताई देरी की वजह

नई दिल्ली। रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी अभिनीत बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ के दूसरे भाग की रिलीज को आगे बढ़ा दिया गया है। पहले इसका प्रदर्शन वर्ष 2027 में प्रस्तावित था, लेकिन अब यह फिल्म 2028 की दिवाली पर सिनेमाघरों में आएगी। फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने इसकी पुष्टि करते हुए देरी की वजह भी स्पष्ट की है।

नमित मल्होत्रा के मुताबिक, फिल्म को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाने की योजना के तहत निर्माण के दौरान दो अलग-अलग मास्टर वर्जन तैयार करने की जरूरत महसूस हुई। अंग्रेजी संस्करण को बेहतर रूप देने के लिए मूल हिंदी पटकथा में कुछ बदलाव किए गए और उसकी एडिटिंग भी दोबारा की गई, ताकि कहानी को उसके मूल स्वरूप में प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा सके।

फिल्म को बेहतर बनाने के लिए लिया अतिरिक्त समय

निर्माता ने बताया कि दूसरे भाग का समापन बेहद भव्य और प्रभावशाली होना चाहिए। इसकी गुणवत्ता और कहानी के अंतिम रूप को लेकर पूरी तरह संतुष्ट होने के लिए टीम को अतिरिक्त समय की जरूरत है। उनके अनुसार, इतनी बड़ी फिल्म के लिए एक साल और लेना उचित है, ताकि दर्शकों को वैसा ही समापन मिल सके जिसकी यह कहानी हकदार है। उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म के निर्माण में जल्दबाजी नहीं की जाएगी और दूसरा भाग पहले से काफी अलग कहानी लेकर आएगा।

पहले भाग में दिखेगा युवा राम और उनके भाइयों का जीवन

नमित मल्होत्रा ने फिल्म के पहले भाग की कहानी को लेकर भी जानकारी साझा की। उनके अनुसार, ‘रामायण पार्ट 1’ में युवा भगवान राम और उनके तीनों भाइयों लक्ष्मण, भरत तथा शत्रुघ्न के जीवन पर मुख्य रूप से ध्यान केंद्रित किया जाएगा। वहीं, माता सीता के अपहरण और भगवान राम द्वारा रावण के वध की घटनाओं को दूसरे भाग में दिखाया जाएगा।

फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, यश रावण और साई पल्लवी माता सीता की भूमिका में नजर आएंगी। इनके अलावा सनी देओल, काजल अग्रवाल, रकुल प्रीत सिंह, लारा दत्ता और अरुण गोविल सहित कई कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है, जबकि दूसरे भाग के लिए दर्शकों को अब 2028 की दिवाली तक इंतजार करना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *