Jaunpur के असलहा तस्करी गिरोह का कानपुर से जुड़ा नेटवर्क, गन हाउस संचालक गिरफ्तार; 34 महीने में बिके 1234 हथियार

कानपुर। जौनपुर में अंतरप्रांतीय असलहा तस्करी गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद उसके तार कानपुर से जुड़ने का मामला सामने आया है। जौनपुर पुलिस ने कानपुर के मेस्टन रोड स्थित हैरिस गन हाउस के संचालक अब्बास अली को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने अवैध तरीके से हथियार और कारतूस बेचने की बात स्वीकार की। इसके बाद कानपुर पुलिस ने गन हाउस के खरीद-बिक्री संबंधी दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी।

मंगलवार रात तक मेस्टन रोड की पांच दुकानों के रिकॉर्ड की जांच में पिछले 34 महीनों के दौरान 1234 असलहे और 4,87,208 कारतूसों की बिक्री का विवरण मिला। अब इनका भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। उधर, जौनपुर पुलिस ने कैंट क्षेत्र के एक अन्य गन हाउस संचालक अब्दुल्ला को भी गिरफ्तार किया है।

स्कार्पियो सवार पांच तस्करों से खुला मामला

जौनपुर पुलिस ने बदलापुर में कुरांवा नहर पुलिया के पास स्कार्पियो सवार असलहा तस्करी के आरोपित शुभम सिंह, संतोष कुमार, सौरभ सिंह, अनीश सिंह और दिग्विजय सिंह को गिरफ्तार किया था। तलाशी के दौरान उनके पास से दो बंदूकें, एक प्रतिबंधित 9 एमएम पिस्टल, एक रायफल और ब्राजील मॉडल की ग्लॉक पिस्टल बरामद हुई थीं।

पूछताछ में गिरोह के सरगना शुभम सिंह ने बताया कि वह कानपुर के मेस्टन रोड स्थित हैरिस गन हाउस के संचालक अब्बास अली से हथियार खरीदता था। इसके बाद इनकी आपूर्ति बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और उत्तराखंड सहित कई राज्यों में की जाती थी।

अब्बास और शुभम के बीच 21 लाख का लेनदेन

जांच के दौरान अब्बास और शुभम के बीच करीब 21 लाख रुपये के लेनदेन की जानकारी सामने आई है। इसमें 16 लाख रुपये अब्बास के बैंक खाते से भेजे गए थे।

एसीपी कोतवाली अमित कुमार पांडेय के मुताबिक, गन हाउस में हथियारों और कारतूसों की बिक्री का भौतिक सत्यापन कराया जा रहा है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जौनपुर पुलिस की टीम भी इस पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *