मियामी के पास समुद्र में गिरा हेलीकॉप्टर, एक की मौत और दो गंभीर रूप से घायल

मियामी। अमेरिका के फ्लोरिडा में मियामी के पास एक बड़ा विमान हादसा सामने आया है। बुधवार सुबह तीन लोगों को लेकर जा रहा एक हेलीकॉप्टर बिस्केन बे के समुद्री पानी में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए नजदीकी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

अधिकारियों के मुताबिक, हादसा की बिस्केन के पास स्थित बिल बैग्स स्टेट पार्क के नजदीक हुआ। हेलीकॉप्टर में कुल तीन लोग सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही अमेरिकी तटरक्षक बल, स्थानीय दमकल विभाग और बचाव दल मौके पर पहुंच गए।

पानी में उल्टा मिला हेलीकॉप्टर

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर रॉबिन्सन आर-44 II मॉडल का था। हादसे के बाद हेलीकॉप्टर पानी में उल्टी स्थिति में डूबा मिला। उसके लैंडिंग स्किड्स में लगे पीले रंग के आपातकालीन फ्लोटेशन उपकरण दिखाई दे रहे थे, जो पानी में उतरने की स्थिति में विमान को तैरते रहने में मदद करते हैं।

बचाव अभियान के दौरान एक स्थानीय व्यक्ति ने भी घायलों को पानी से बाहर निकालने की कोशिश की। बाद में आपातकालीन सेवाओं की टीम ने मोर्चा संभाला। दो लोगों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तीसरे व्यक्ति को बचाया नहीं जा सका।

नावों की तस्वीरें लेने के लिए भरी थी उड़ान

अमेरिका के राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर पानी में चल रही नावों की तस्वीरें और वीडियो बनाने के लिए उड़ान पर था। हादसे के समय दक्षिण फ्लोरिडा के आसपास बारिश और गरज के साथ तूफानी मौसम की स्थिति थी।

हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक यह पुष्टि नहीं की है कि खराब मौसम दुर्घटना की वजह बना या नहीं। हेलीकॉप्टर हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए NTSB और फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने जांच शुरू कर दी है।

प्रशासन ने फिलहाल मृतक और घायलों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की जानकारी साझा किए जाने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *