लाखों का सामान जलकर राख; सफाई कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप
लाखों का सामान जलकर राख; सफाई कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप
मौदहा के गुड़ाही बाजार में कपड़े की दुकान में लगी आग, लाखों का सामान जलकर राख; सफाई कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप
दीपक धुरिया अज़रा न्यूज़ हमीरपुर। मौदहा कस्बे के गुड़ाही बाजार में एक टेलर की दुकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग ने देखते ही देखते पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दुकान में रखा कपड़ा और अन्य सामान जलकर राख हो गया।
हादसे में दुकानदार को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है। घटना के बाद दुकानदार ने सफाई कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दुकानदार का कहना है कि सफाई कर्मचारियों ने दुकान के पास कूड़े का ढेर एकत्र कर उसमें आग लगा दी थी। इसी आग की चिंगारी से दुकान में आग भड़क गई और कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दुकान का सामान काफी हद तक जल चुका था। घटना को लेकर दुकानदार ने सफाई कर्मचारियों की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल आग लगने से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। स्थान: गुड़ाही बाजार, मौदहा कोतवाली क्षेत्र, जनपद हमीरपुर।