रश्मिका मंदाना की फिल्म ‘मैसा’ की रिलीज टली, 27 नवंबर को नहीं होगी रिलीज; अभिनेत्री ने भी जताई अनजान होने की बात

हैदराबाद: अभिनेत्री रश्मिका मंदाना की आगामी एक्शन ड्रामा फिल्म ‘मैसा’ की रिलीज को स्थगित कर दिया गया है। फिल्म 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी, लेकिन रिलीज से महज पांच दिन पहले 22 नवंबर को निर्माताओं ने इसे टालने का एलान कर दिया। फिल्म की नई रिलीज तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।

निर्माताओं और निर्देशक रवींद्र पुल्ले ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा बयान में बताया कि फिल्म को तकनीकी रूप से बेहतर और बड़े पर्दे पर शानदार अनुभव देने वाली एक्शन फिल्म के रूप में तैयार किया जा रहा है। दर्शकों तक फिल्म को बिना किसी समझौते के पहुंचाने के लिए इसकी रिलीज आगे बढ़ाने का सामूहिक फैसला लिया गया है।

बयान में कहा गया कि तेलुगु सिनेमा लगातार तकनीकी और कलात्मक स्तर पर आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में ‘मैसा’ को भी एक विशेष तकनीकी स्तर की फिल्म बनाने की कोशिश की जा रही है। निर्माताओं ने दर्शकों को भरोसा दिलाया है कि नई रिलीज तारीख की घोषणा जल्द की जाएगी और इसके लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

रश्मिका मंदाना को भी नहीं पता नई रिलीज तारीख

फिल्म की रिलीज टलने पर रश्मिका मंदाना ने भी सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने निर्माताओं के आधिकारिक बयान को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा करते हुए लिखा कि लगता है फिल्म की रिलीज आगे बढ़ गई है। उन्हें भी फिलहाल यह जानकारी नहीं है कि फिल्म कब रिलीज होगी, लेकिन जैसे ही उन्हें नई तारीख पता चलेगी, वह प्रशंसकों को भी बता देंगी।

पांच भाषाओं में रिलीज होने वाली थी फिल्म

रवींद्र पुल्ले के निर्देशन में बनी ‘मैसा’ को तेलुगु, हिंदी, तमिल, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में रिलीज करने की तैयारी थी। फिल्म में रश्मिका मंदाना के अलावा ईश्वरी राव, राहुल रवींद्रन, समुथिरकानी, राव रमेश, शिव कंदुकुरी, कार्तिक रंजिनी, तारक पोनप्पा और निधि सिंह भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का संगीत जैक्स बिजॉय ने तैयार किया है।

फिलहाल निर्माताओं ने नई रिलीज तारीख का खुलासा नहीं किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *