विधानसभा चुनाव 2027 की तारीखों का जनवरी में हो सकता है एलान, यूपी-पंजाब समेत पांच राज्यों में 24 फरवरी के बाद मतदान की संभावना

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में वर्ष 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव आयोग की तैयारियों के बीच अब चुनाव कार्यक्रम की घोषणा को लेकर नया अपडेट सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक, पांचों राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान 15 जनवरी 2027 के आसपास हो सकता है। वहीं, मतदान की प्रक्रिया 24 फरवरी के बाद शुरू होने की संभावना है।

वर्ष 2022 में इन पांचों राज्यों के विधानसभा चुनाव की घोषणा 8 जनवरी को की गई थी। इस बार चुनाव की घोषणा में कुछ देरी हो सकती है। चुनाव आयोग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश और गोवा में अधिकारियों का दौरा अभी पूरा नहीं हुआ है। इन राज्यों में अधिकारियों का दौरा 15 दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्त चुनावी राज्यों का दौरा करेंगे। आमतौर पर आयोग के सभी राज्यों का दौरा पूरा होने के बाद ही चुनाव कार्यक्रम घोषित किया जाता है।

उत्तर प्रदेश में तीन से चार चरणों में चुनाव की संभावना

उत्तर प्रदेश को छोड़कर बाकी चार राज्यों में एक ही चरण में मतदान कराए जाने की संभावना है। वहीं, उत्तर प्रदेश में विधानसभा की 403 सीटों के लिए तीन से चार चरणों में मतदान कराया जा सकता है। हालांकि, चुनाव आयोग ने अभी तक मतदान के चरणों को लेकर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया है।

बोर्ड परीक्षाओं और माघ मेले को ध्यान में रखकर बनेगा कार्यक्रम

चुनाव आयोग उत्तर प्रदेश में मतदान का कार्यक्रम तय करते समय यूपी बोर्ड की परीक्षाओं और प्रयागराज में आयोजित होने वाले माघ मेले को भी ध्यान में रख रहा है। माघ मेला 14 जनवरी से 9 मार्च तक चलेगा। इस दौरान प्रयागराज और आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कल्पवास के लिए पहुंचते हैं। कल्पवासी 20 फरवरी को माघी पूर्णिमा तक मेले में रहते हैं।

इसके अलावा यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 5 फरवरी से 24 फरवरी तक प्रस्तावित हैं। ऐसे में उत्तर प्रदेश में मतदान 24 फरवरी के बाद कराया जा सकता है।

24 फरवरी से 8 मार्च के बीच हो सकता है मतदान

चुनाव आयोग से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, पांचों राज्यों में विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया 24 फरवरी से 8 मार्च 2027 के बीच पूरी कराई जा सकती है। इन राज्यों में सबसे पहले मणिपुर विधानसभा का कार्यकाल 13 मार्च 2027 को समाप्त हो रहा है। ऐसे में उससे पहले चुनाव प्रक्रिया पूरी कराना जरूरी होगा।

पांच राज्यों में विधानसभा का कार्यकाल अलग-अलग तारीखों पर समाप्त होगा। मणिपुर में 13 मार्च, गोवा में 14 मार्च, पंजाब में 16 मार्च और उत्तराखंड में 28 मार्च 2027 को विधानसभा का कार्यकाल समाप्त होगा। वहीं, उत्तर प्रदेश विधानसभा का कार्यकाल 22 मई 2027 तक है।

चुनाव आयोग ने पांचों राज्यों में तैयारियों की समीक्षा शुरू कर दी है। अधिकारियों की रिपोर्ट और चुनावी राज्यों के दौरे के बाद ही मतदान की तारीखों और चरणों को लेकर अंतिम फैसला लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *