बिसलेरी का पैक्ड पानी जांच में असुरक्षित मिला, FSSAI ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की दी मंजूरी

नई दिल्ली: भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने पैक्ड ड्रिंकिंग वाटर को असुरक्षित पाए जाने के बाद बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है। कंपनी के परिसर से लिए गए पानी के नमूने की जांच में निर्धारित मानकों से अधिक ब्रोमेट पाया गया था। इसके बाद नमूने को असुरक्षित घोषित किया गया।

FSSAI के अनुसार, कंपनी के परिसर से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर (मिनरल वाटर को छोड़कर) का नमूना लेकर जांच कराई गई थी। शुरुआती जांच में यह निर्धारित ब्रोमेट सीमा के अनुरूप नहीं पाया गया। इसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत इसे असुरक्षित घोषित किया गया।

कंपनी ने जांच के निष्कर्षों के खिलाफ अपील की थी। इसके बाद नमूने को रेफरल फूड लेबोरेटरी में भेजा गया। वहां दोबारा जांच के दौरान पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन्स (PAHs) की मौजूदगी पाई गई। दूसरी प्रयोगशाला ने भी नमूने को असुरक्षित घोषित किया।

दोनों प्रयोगशालाओं की जांच रिपोर्ट के आधार पर FSSAI ने खाद्य सुरक्षा कानून के उल्लंघन का मामला मानते हुए बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ अभियोजन चलाने की मंजूरी दे दी है।

इस कार्रवाई के साथ ही खाद्य नियामक ने चालू वर्ष में खाद्य कारोबार करने वाली कंपनियों और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर निगरानी और सख्त कर दी है। प्राधिकरण ने खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को लेकर कई अन्य कंपनियों के खिलाफ भी कार्रवाई की है।

FSSAI की यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब नियामक एनर्जी ड्रिंक और अन्य पेय पदार्थों के वर्गीकरण तथा उनकी लेबलिंग को लेकर भी कंपनियों पर सख्ती बरत रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *