अमेरिका में चार साल में 1,389 भारतीय बच्चे हिरासत में लिए गए, इमिग्रेशन कार्रवाई के बीच आंकड़े आए सामने

अमेरिका: अमेरिका में अवैध प्रवासियों के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई के बीच पिछले चार वर्षों में 1,389 भारतीय बच्चों को हिरासत में लिया गया है। अमेरिकी सीमा शुल्क एवं सीमा सुरक्षा (USCBP) के आंकड़ों के मुताबिक, बिना माता-पिता या अभिभावक के अमेरिका पहुंचने वाले भारतीय बच्चों की संख्या में पिछले कुछ वर्षों में तेजी से गिरावट आई है।

आंकड़ों के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2023 में 730 भारतीय नाबालिगों को हिरासत में लिया गया था। वित्तीय वर्ष 2024 में यह संख्या 517 रही, जबकि 2025 में घटकर 91 और 2026 में 51 हो गई। अक्टूबर 2026 में अमेरिका के नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के दौरान केवल दो भारतीय बच्चे हिरासत में लिए गए।

अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, यह गिरावट केवल भारतीय बच्चों तक सीमित नहीं है, बल्कि सभी देशों से बिना अभिभावक के आने वाले नाबालिगों की संख्या में भी कमी आई है। वित्तीय वर्ष 2024 में ऐसे करीब 1.1 लाख बच्चों को पकड़ा गया था। 2025 में यह संख्या घटकर 29,584 और 2026 में 9,190 रह गई। अक्टूबर 2026 में 722 नाबालिगों को हिरासत में लिया गया।

अमेरिका में इमिग्रेशन नेटवर्क से जुड़े लोगों का मानना है कि अवैध प्रवासियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और तेजी से निर्वासन की प्रक्रिया के कारण बच्चों के अमेरिका पहुंचने की संख्या में कमी आई है। पहले कुछ मामलों में नाबालिग बच्चों को अमेरिका भेजकर माता-पिता या रिश्तेदारों के लिए कानूनी निवास हासिल करने का रास्ता बनाने की कोशिश की जाती थी। हालांकि, अब अधिकारियों की सख्ती के कारण यह तरीका पहले की तुलना में कम होता जा रहा है।

गुजरात के कड़ी के एक कारोबारी, जिन्हें वर्ष 2012 में अमेरिका से निर्वासित किया गया था, ने बताया कि उनका 17 वर्षीय बेटा पिछले पांच वर्षों से टेक्सास में रह रहा है। अब उसे अपनी शरण संबंधी सुनवाई में शामिल होने से भी डर लग रहा है। कारोबारी के मुताबिक, उनका बेटा अमेरिका में एक गैस स्टेशन पर गुप्त रूप से काम कर रहा है और धार्मिक समुदाय के कुछ लोगों के साथ रह रहा है। उसे आशंका है कि सुनवाई में शामिल होने पर पकड़ा जा सकता है और भारत वापस भेज दिया जाएगा।

अमेरिका में अवैध रूप से प्रवेश करने की कोशिश करने वाले भारतीय नागरिकों की संख्या अब भी काफी अधिक है। वित्तीय वर्ष 2026 में अमेरिकी अधिकारियों ने भारतीय नागरिकों के साथ 30,528 बार मुठभेड़ या संपर्क दर्ज किया। 21 देशों के नागरिकों के आंकड़ों में भारत तीसरे स्थान पर रहा। इस सूची में मेक्सिको और कनाडा के नागरिकों की संख्या भारतीयों से अधिक थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *