मतदाता पुनरीक्षण अभियान का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, विभिन्न बूथों पर जांचीं व्यवस्थाएं
मतदाता पुनरीक्षण अभियान का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, विभिन्न बूथों पर जांचीं व्यवस्थाएं
जालौन: मतदाता पुनरीक्षण अभियान का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, विभिन्न बूथों पर पहुंचकर जांचीं व्यवस्थाएं
18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और महिलाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने पर जोर, बीएलओ को दिए आवश्यक निर्देश
दीपक धुरिया अज़रा न्यूज़ जालौन। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत शनिवार को जिलेभर में विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। अभियान के दौरान मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के साथ नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा मौजूदा प्रविष्टियों में संशोधन की प्रक्रिया संचालित की गई। अभियान की जमीनी हकीकत जानने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी समीर तथा पुलिस अधीक्षक सुरेश चन्द्र रावत ने जिला परिषद इंटर कॉलेज नदीगांव और उच्च प्राथमिक विद्यालय कनासी कंपोजिट सहित विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बूथों पर उपलब्ध आलेख्य मतदाता सूची का अवलोकन किया और बीएलओ की उपस्थिति, पंजीकरण प्रक्रिया तथा अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों से अब तक प्राप्त आवेदनों और पुनरीक्षण कार्य की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देशित किया कि अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे अधिक से अधिक पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकें। उन्होंने विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं, महिलाओं और उन नागरिकों को अभियान से जोड़ने पर जोर दिया, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है। साथ ही नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन से संबंधित आवेदनों का निर्वाचन आयोग के निर्धारित नियमों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची निष्पक्ष चुनाव की बुनियाद है। इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। सभी संबंधित कार्मिक पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ पुनरीक्षण कार्य संपन्न करें।निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी कोंच अनीता सिंह, क्षेत्राधिकारी परमेश्वर कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।