बस पर फायरिंग के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद

 रोडवेज बस पर फायरिंग के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद

राठ में बस चालक से विवाद के बाद धनौरी के पास की थी हवाई फायरिंग, घटना में प्रयुक्त अपाचे बाइक भी पुलिस ने कब्जे में ली

दीपक धुरिया अज़रा न्यूज़ हमीरपुर। राठ थाना क्षेत्र में रोडवेज बस के आगे मोटरसाइकिल लगाने को लेकर हुए विवाद के बाद बस पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है।पुलिस के अनुसार, 27 नवंबर को रोडवेज बस के चालक और मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों के बीच बस के आगे बाइक लगाने तथा बस आगे बढ़ाने को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि राठ क्षेत्र के ग्राम धनौरी के पास बाइक सवार युवकों ने बस का पीछा करते हुए हवाई फायरिंग की और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान शुरू की। इस मामले में बस चालक की तहरीर पर राठ थाने में मुकदमा संख्या 419/2026 के तहत बीएनएस की धारा 109, 352 और 351(3) में तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पांच लोगों के नाम प्रकाश में आए। शनिवार, 28 नवंबर को राठ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कीरत उर्फ भूरा राजपूत (25 वर्ष), निवासी ग्राम परा, थाना राठ को कांशीराम कॉलोनी के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का अवैध देशी तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। ,पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 190 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक पवन चौधरी, उपनिरीक्षक अभिषेक त्रिवेदी, कांस्टेबल दिलीप कुमार और कांस्टेबल शिवशंकर झा शामिल रहे।

नोट: पुलिस के अनुसार मामले में अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *