फतेहपुर रेलवे स्टेशन को जंक्शन बनाने की उठी मांग

फतेहपुर रेलवे स्टेशन को जंक्शन बनाने की उठी मांग

- व्यापारियों ने रेल मंत्री को भेजा ज्ञापन

फोटो परिचय- सहायक उप महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपते व्यापारी।

फतेहपुर। फतेहपुर रेलवे स्टेशन को जंक्शन बनाये जाने सहित बांदा से लखनऊ वाया फतेहपुर रेल लाइन का निर्माण कराये जाने की मांग क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति प्रयागराज के अलावा व्यापार मंडल ने रेल मंत्री से की है।

रेल मंत्री को संबोधित एक ज्ञापन उत्तर मध्य रेलवे सूबेदारगंज प्रयागराज के सहायक उप महाप्रबंधक संतोष बाजपेई को सौंपा गया। जिसमें कहा गया कि दोआबा की पवित्र भूमि जनपद फतेहपुर प्रयागराज-कानपुर, रायबरेली, बाँदा में मध्य स्थापित है। जहां लाखो की संख्या में लोग निवास करते हैं। हजारों की संख्या में नियमित यात्री यात्रा भी करते हैं जिसमे बहुतायत की संख्या में बाँदा व लखनऊ की यात्रा रेल मार्ग द्वारा करना चाहते हैं लेकिन उपरोक्त स्थान पर रेलमार्ग न होने की वजह से यात्री रेलयात्रा से वंचित हैं। ज्ञापन में कहा गया कि यात्रियों में ज्यादातर महिलाएं व बच्चे होते है परिवहन की यात्रा में अनेक कष्टों का सामना करना पड़ता है जबकि रेल यात्रा इन यात्रियों के लिए सुखद है

लेकिन आजादी के वर्षों बाद भी उपरोक्त स्थान पर रेलमार्ग का कार्य शुरू नहीं हो सका है। जो विडम्बना पूर्ण है। मांग किया कि जनपद के रेलयात्रियों की सुविधा हेतु बाँदा सागर मार्ग (बाँदा से लखनऊ मार्ग) पर रेलवे लाइन का आवंटन कराया जाये। इसके अलावा फतेहपुर रेलवे स्टेशन को सुविधाओं से सुसज्जित करके जंक्शन बनाये जाने की भी मांग की गई। ज्ञापन देने वालों में क्षेत्रीय रेल उपयोकर्ता परामर्शदात्री समिति प्रयागराज के सदस्य/उद्योग व्यापार मंडल के संस्थापक अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा, चन्द्र प्रकाश, बब्लू गुप्ता, मनोज गुप्ता, पवन अंबानी भी मौजूद रहे।

अज्ञात शव की परिजनों ने की शिनाख्त

फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के शांतीनगर स्टेडियम के समीप अचेतावस्था में एक व्यक्ति के पड़े होने की सूचना स्थानियों ने सरकारी एंबुलेंस को दिया। एंबुलेंस अचेत व्यक्ति को इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंची। जहाँ ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर भर्ती कर उसका इलाज कर रहे थे। तभी उसकी मौत हो गई। मृतक के साथ कोई मौजूद नहीं था। जिससे उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। शव को मार्च्युरी हाउस में रखा दिया गया था। दो दिनों से सदर कोतवाली क्षेत्र के तकिया तले मुहल्ला निवासी स्व. हनुमान प्रसाद का 60 वर्षीय पुत्र राम किशोर सोनी घर से गायब था। जिसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। परिजन उसकी खोजबीन में लगे हुए थे। मृतक की भाभी प्रमिला सोनी पत्नी स्व. दुर्गा प्रसाद निवासी कालिकन रोड सदर कोतवाली जिला अस्पताल में ओटी इंचार्ज है वह भी देवर की खोजबीन में लगी हुई थी। उनको बताया गया कि मार्च्युरी हाउस में कोई अज्ञात शव रखा है। उसको जाकर पता कर लें। लोगो के बताने पर जब जाकर देखा तो वह उनके देवर राम किशोर सोनी का शव था। शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी।

सड़क हादसे में युवक की मौत

फतेहपुर। खागा कोतवाली क्षेत्र के महिचा मंदिर के समीप एनएच-2 पर अज्ञात वाहन फेरी कर रहे युवक को टक्कर मारता हुआ निकल गया। जिससे युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार कानपुर नगर जनपद के महराजगंज थाना क्षेत्र के सरसौल मदारी खेड़ा गांव निवासी पीरू का 23 वर्षीय पुत्र जान मोहम्मद फेरी कर सिंदूर बेंचता था। वह फेरी करने जिले की खागा कोतवाली क्षेत्र के महिचा मंदिर आया हुआ था। तभी एनएच-2 पर कोई अज्ञात वाहन उसको टक्कर मारते हुए निकल गया। जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की डेढ़ वर्ष पूर्व शादी हुई थी। मौत की खबर मृतक के परिजनों को हुई तो घर में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी यासमीन का रो-रोकर बुरा हाल है।

Azra News

Azra News

Next Story