एसपी ने बालिकाओं को मिशन शक्ति अभियान की दी जानकारी

एसपी ने बालिकाओं को मिशन शक्ति अभियान की दी जानकारी

- लौह पुरूष की प्रतिमा पर अतिथियों ने किया पुष्पार्चन

फोटो परिचय- सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के मेधावियों को सम्मानित करते एसपी।

मो. जर्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड नई दिल्ली से संबद्ध महर्षि विद्या मंदिर सीनियर सेकेण्ड्री स्कूल में राज्य सरकार द्वारा चलाये जा रहे नारी सुरक्षा स्वावलंबन व सम्मान के प्रति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक उदय शंकर सिंह व विशिष्ट अतिथि एडीएम अभिलाष त्रिपाठी ने शिरकत कर लौह पुरुष भारत रत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पार्चन व दीप प्रज्जवलित कर शुभारंभ किया।

प्रधानाचार्य ने अतिथियों को पुष्प गुच्छ व प्रशस्ति चिन्ह भेट कर सम्मान किया। विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गान की मनमोहक प्रस्तुति दी। मुख्य अतिथि एसपी ने विद्यालय की छात्राओं से नारी सशक्तिकरण, नारी सुरक्षा, नारी सम्मान व नारी स्वावलंबन से संबंधित प्रश्न पूछे। जिसका छात्राओं ने संतोषजनक उत्तर दिया। उन्होंने सरकार द्वारा जारी विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों वीमेन पावर लाइन, महिला हेल्प लाइन, पुलिस आपातकालीन सेवा के संदर्भ में विस्तार से बताया।

विशिष्ट अतिथि एडीएम ने अपने उद्बोधन में कहा कि हमें जब भी कुछ पाना होता है तो शक्ति की ही आराधना करते हैं। ज्ञान के लिए सरस्वती मां, धन के लिए लक्ष्मी मां और शक्ति के लिए दुर्गा व काली मां की आराधना सनातन काल से करते आ रहे है। बालिकाओं और महिलाओं को अपनी छुपी हुई शक्ति को पहचानने के लिए यह कार्यक्रम चलाया जा रहा है। मुख्य अतिथि ने राष्ट्रीय स्तर पर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पाने वाली टीम सृष्टि शुक्ला, महिमा गुप्ता, प्रिया यादव को स्मृति चिन्ह व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार त्रिपाठी को बेहतर प्रबंधन एवं प्रशासन परीक्षा परिणाम देने पर महर्षि शिक्षा संस्थान द्वारा विद्यालय को 251000 रूपये नगद पुरस्कार से सम्मानित किया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगान से हुआ।

Azra News

Azra News

Next Story