77 वर्षीय महिला को आयुष्मान कार्ड व श्रवण यंत्र मिला, प्रशासन की मिसाल
77 वर्षीय महिला को आयुष्मान कार्ड व श्रवण यंत्र मिला, प्रशासन की मिसाल
जनसुनवाई में संवेदनशील प्रशासन की मिसाल, 77 वर्षीय महिला को आयुष्मान कार्ड व श्रवण यंत्र मिला दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन। जनपद में सुशासन की प्रतिबद्धता को साकार करते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष से वर्चुअल माध्यम से सभी जिलास्तरीय अधिकारियों को जोड़कर दूर-दराज से आए फरियादियों की शिकायतें गंभीरता से सुनीं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध एवं गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को त्वरित राहत मिल सके।
जनसुनवाई के दौरान 77 वर्षीय कैलासी देवी को प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड प्रदान किया गया। जिलाधिकारी ने उन्हें अवगत कराया कि योजना के तहत प्रति परिवार प्रति वर्ष पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार देश के सूचीबद्ध अस्पतालों में उपलब्ध है।
वृद्धा की कम सुनाई देने की समस्या को देखते हुए जिलाधिकारी ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए रेड क्रॉस मद से तत्काल श्रवण यंत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे मौके पर ही उन्हें राहत मिल सकी।
पात्र महिला को शौचालय व आवास योजना से जोड़ने के निर्देश
इसी क्रम में ब्लॉक रामपुरा के ग्राम मलहांनपुरा निवासी 65 वर्षीय सोमवती ने आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए कुछ योजनाओं से वंचित होने की शिकायत दर्ज कराई। जांच में सामने आया कि उन्हें पेंशन एवं आयुष्मान योजना का लाभ मिल रहा है, लेकिन शौचालय एवं आवास की सुविधा उपलब्ध नहीं है।
इस पर जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को तत्काल शौचालय निर्माण सुनिश्चित कराने तथा खंड विकास अधिकारी को सर्वे कर पात्र पाए जाने पर मुख्यमंत्री आवास योजना से लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे। सभी अधिकारी जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करें, ताकि आमजन को शासन की योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।