जालौन में पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता: डीएम-एसपी के कड़े निर्देश
जालौन में पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता: डीएम-एसपी के कड़े निर्देश
अफवाहों पर सख्ती, जालौन में पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता: डीएम-एसपी के कड़े निर्देश दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन– जनपद में डीजल व पेट्रोल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। राजेश कुमार पाण्डेय (डीएम) और डॉ. दुर्गेश कुमार (एसपी) ने कलेक्ट्रेट सभागार में तेल कंपनियों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर स्पष्ट निर्देश जारी किए।
बैठक में Indian Oil Corporation, Bharat Petroleum, Hindustan Petroleum, Essar Oil सहित अन्य कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि ईंधन आपूर्ति और वितरण व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी रखी जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
डीएम ने निर्देशित किया कि जनपद के सभी पेट्रोल पंपों पर प्रमुख स्थानों पर सूचना बोर्ड लगाए जाएं, जिनमें स्पष्ट रूप से लिखा हो कि पेट्रोल और डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। साथ ही उपभोक्ताओं से अपील की जाए कि वे आवश्यकता के अनुसार ही ईंधन खरीदें और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।
प्रशासन ने यह भी साफ किया कि किसी भी पेट्रोल पंप पर कृत्रिम संकट या अनावश्यक कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी स्थान पर स्टॉक कम होता है, तो संबंधित कंपनी और पंप संचालक तत्काल आपूर्ति सुनिश्चित करेंगे।
हर 8 घंटे में होगा निरीक्षण
डीएम ने समस्त पेट्रोल पंपों पर सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती के निर्देश दिए हैं। ये अधिकारी हर 8 घंटे में निरीक्षण कर स्टॉक, रिजर्व और वितरण व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि कालाबाजारी, अनियमित वितरण या उपभोक्ताओं को गुमराह करने की शिकायत मिलने पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अफवाह फैलाने वालों पर भी सख्ती से निपटा जाएगा।
डीएम और एसपी ने भरोसा दिलाया कि जनपद में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति श्रृंखला पूरी तरह सुचारु है। उन्होंने अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और किसी भी स्थिति में आमजन को असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।
बैठक में उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी और राजीव शुक्ला सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।