एडीएम ने जिला अस्पताल के पुरूष व प्रसूती वार्ड का किया निरीक्षण

  एडीएम ने जिला अस्पताल के पुरूष व प्रसूती वार्ड का किया निरीक्षण
– ठण्ड के मौसम में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बाबत ली जानकारी
– व्यवस्थाएं मिली दुरूस्त, तीमारदारों को भी कंबल दिए जाने के निर्देश
फोटो परिचय- जिला अस्पताल के वार्ड का निरीक्षण करते एडीएम।
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) अविनाश त्रिपाठी ने जिला चिकित्सालय पुरूष, जिला चिकित्सालय महिला के प्रसूती वार्ड का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रसूती महिलाओं व उनके परिजनों से अस्पताल द्वारा शीतलहर व ठण्ड को दृष्टिगत रखते हुए ठण्ड से बचाव हेतु उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं के बारें में जानकारी प्राप्त की। जिस पर उन लोगों द्वारा संतुष्टि व्यक्त की गई।
जिला चिकित्सालय महिला के प्रसूति वार्ड में कुल 34 बेड की क्षमता है। इसके अतिरिक्त 02 प्राइवेट बेड भी उपलब्ध हैं। निरीक्षण के दौरान मौके पर वार्डों में रूम हीटर जलते हुए पाये गये और प्रत्येक प्रसूति महिलाओं के पास 02-02 कंबल उपलब्ध मिले। जिन वार्डों में रूम हीटर नहीं लगे थे वहां पर लगाये जाने की कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने प्रसूति महिला एडमिट पंजिका व स्टोर रूम में स्टाक रजिस्टर की भी जांच की गई। प्रसूति महिला एडमिट पंजिका में 17 प्रसूति महिलाओं का पंजीकरण किया गया है। स्टाक रजिस्टर में 133 कंबलों की इण्ट्री पाई गई। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला चिकित्सालय (पुरूष) द्वारा अवगत कराया गया कि अस्पताल में कुल 25 रूम हीटर एवं 133 नग कंबलों के अतिरिक्त 500 नग कंबल रिजर्व में मुख्य भण्डार गृह में रखे गये हैं। प्रसूति महिलाओं के साथ जो भी तीमारदार आये हुये हैं, उनके लिए भी कंबल उपलब्ध कराये जाने का आदेश निर्गत किया गया। अस्पताल के उच्चाधिकारियों द्वारा प्रत्येक दिवस वार्ड में साफ-सफाई व शीतलहर से बचाव हेतु सभी प्रसूति महिलाओं एवं उनके तीमारदारों को सुविधाएं उपलब्ध करायी जाए इसकी जांच करते हुए उन्हें इसकी उपलब्धता सुनिश्चित करायी जा रही है। इसमें किसी प्रकार की कोई लापरवाही नही की जा रही है। इस अवसर पर जिला आपदा विशेषज्ञ व मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित संबंधित उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *