अवैध खनन की खबरों का प्रशासन ने किया खंडन, संयुक्त जांच में नहीं मिला कोई साक्ष्य

   अवैध खनन की खबरों का प्रशासन ने किया खंडन, संयुक्त जांच में नहीं मिला कोई साक्ष्य
रिपोर्ट संदीप धुरिया हमीरपुर– सोशल मीडिया एवं कुछ समाचार पत्रों में प्रसारित खबरों में यह दावा किया गया था कि ग्राम इछौरा जिटकरी के खंड संख्या–25/2 व 25/21 के पट्टाधारक द्वारा रात्रि के समय अवैध खनन किया जा रहा है तथा जनपद जालौन से अवैध बालू/मोरम का परिवहन किया जा रहा है। साथ ही यह भी आरोप लगाए गए कि संबंधित पट्टाधारक के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।


उक्त प्रकरण के संज्ञान में आते ही जिलाधिकारी हमीरपुर के निर्देशानुसार ग्राम इछौरा जिटकरी के खंड संख्या–25/2 एवं 25/21 की जांच राजस्व विभाग सरीला एवं खनन विभाग हमीरपुर की संयुक्त टीम द्वारा दिनांक 28 जनवरी 2026 एवं 30 जनवरी 2026 को की गई।
स्थलीय जांच के दौरान पाया गया कि संबंधित पट्टाधारक द्वारा अपने स्वीकृत खनन क्षेत्र की सीमा के भीतर ही नियमानुसार खनन कार्य किया जा रहा था। जांच के समय न तो नदी की जलधारा में खनन पाया गया और न ही अवैध खनन किए जाने का कोई साक्ष्य सामने आया।
जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो क्लिप में स्थान स्पष्ट नहीं है, जिससे यह प्रमाणित नहीं होता कि उक्त वीडियो खंड संख्या–25/2 अथवा 25/21 से संबंधित हैं। मौके पर उपस्थित पट्टाधारक के प्रतिनिधि द्वारा अवगत कराया गया कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा छवि धूमिल करने के उद्देश्य से कहीं अन्य स्थान के वीडियो को उनके खंड के नाम से जोड़कर सोशल मीडिया व समाचार माध्यमों को उपलब्ध कराया जा रहा है।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि खनन कार्य पूरी तरह नियमों के अंतर्गत किया जा रहा है तथा अवैध खनन से संबंधित कोई तथ्य जांच में सामने नहीं आया है। जांच के दौरान लिए गए फोटोग्राफ अभिलेख के रूप में सुरक्षित किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *