नवरात्रि की शुरुआत पर प्रशासन सतर्क, डीएम-एसपी ने संभाली कमान
नवरात्रि की शुरुआत पर प्रशासन सतर्क, डीएम-एसपी ने संभाली कमान
नवरात्रि की शुरुआत पर प्रशासन सतर्क, डीएम-एसपी ने संभाली कमान दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन — शक्तिपीठों का किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधाओं के दिए सख्त निर्देश
जालौन चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिवस पर जनपद में आस्था और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। इसी क्रम में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने प्रमुख शक्तिपीठों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने बैरागढ़ स्थित शक्तिपीठ, मां रक्तिदन्तिका मंदिर एवं अक्षरा माता मंदिर पहुंचकर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नवरात्रि के दौरान बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की संख्या को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रखी जाएं, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से मंदिर परिसरों में स्वच्छता, शौचालयों की उपलब्धता, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं पेयजल की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने, यातायात सुचारु रखने तथा महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा।
निरीक्षण के दौरान डीएम व एसपी ने मंदिरों में विधिवत पूजा-अर्चना कर मां के चरणों में माथा टेकते हुए जनपदवासियों की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
प्रशासन द्वारा नवरात्रि पर्व को सकुशल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं, जिससे श्रद्धालु पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ पूजा-अर्चना कर सकें।