रामनवमी व ईद-उल-फितर पर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने की तैयारियों की समीक्षा
रामनवमी व ईद-उल-फितर पर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने की तैयारियों की समीक्षा
रामनवमी व ईद-उल-फितर पर प्रशासन अलर्ट: जालौन में डीएम-एसपी ने की तैयारियों की समीक्षा
दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन —आगामी रामनवमी एवं ईद-उल-फितर पर्व को लेकर जनपद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में बैठक कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी प्रमुख मंदिरों, मस्जिदों एवं सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जहां अधिक भीड़ की संभावना है, वहां पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं शौचालयों की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे सक्रिय अवस्था में रहें और उनकी नियमित निगरानी की जाए, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने तथा नगर निकायों को साफ-सफाई और कूड़ा निस्तारण की विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। वहीं स्वास्थ्य विभाग को आपातकालीन सेवाएं सक्रिय रखने, एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने और अग्निशमन विभाग को भी अलर्ट रहने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही भीड़भाड़ वाले स्थानों, बाजारों एवं धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों पर विशेष ट्रैफिक प्लान लागू करने तथा पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए। सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने और किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संजय कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक योगेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वीरेंद्र सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।