जालौन में प्राइवेट स्कूलों पर प्रशासन का बड़ा एक्शन 

  जालौन में प्राइवेट स्कूलों पर प्रशासन का बड़ा एक्शन 
दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन — डीएम की सख्ती से हड़कंप — बढ़ी फीस पर रोक, वसूली गई रकम लौटाने के आदेशजालौन। प्राइवेट स्कूलों की मनमानी पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में उत्तर प्रदेश स्ववित्तपोषित स्वतंत्र विद्यालय (शुल्क विनियमन) अधिनियम के तहत स्कूल संचालकों, प्रिंसिपलों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने हाल ही में बढ़ाई गई फीस पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि जिन विद्यालयों ने बढ़ी हुई फीस वसूली है, वे अभिभावकों को राशि वापस करें या आगामी माह की फीस में समायोजित करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वर्ष 2025-26 की फीस यथावत रहेगी और सत्र 2026-27 में किसी भी प्रकार की फीस वृद्धि की अनुमति नहीं दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी बोर्डों के विद्यालयों में एनसीईआरटी की पुस्तकों को अनिवार्य रूप से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई विद्यालय निजी प्रकाशकों की महंगी किताबें खरीदने के लिए अभिभावकों को बाध्य करता है, तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि विद्यालय पांच वर्ष तक यूनिफॉर्म एवं पुस्तकों में कोई परिवर्तन नहीं करेंगे।
अभिभावकों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से 15 अप्रैल को राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में पुस्तक मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसमें एनसीईआरटी की पुस्तकें निर्धारित दरों पर उपलब्ध कराई जाएंगी तथा छूट भी दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्रप्रकाश को विद्यालयों की नियमित जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी विद्यालय के खिलाफ शिकायत मिलने पर जांच कर तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में वरिष्ठ कोषाधिकारी अवनीश सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित विभिन्न विद्यालयों के संचालक एवं प्रधानाचार्य उपस्थित रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *