भर्ती मरीज को गार्ड सुपरवाइजर ने मारी लात, हालत बिगड़ी
भर्ती मरीज को गार्ड सुपरवाइजर ने मारी लात, हालत बिगड़ी
मेडिकल कॉलेज में शर्मनाक हरकत! भर्ती मरीज को गार्ड सुपरवाइजर ने मारी लात, हालत बिगड़ी दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन — जनपद के राजकीय मेडिकल कॉलेज जालौन से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां कई दिनों से भर्ती एक मरीज के साथ कथित रूप से गार्ड के सुपरवाइजर संतोष सिंह द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि सुपरवाइजर ने मरीज को लात मार दी, जिससे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में मरीज दीपेंद्र को इमरजेंसी वार्ड में शिफ्ट किया गया। परिजनों के अनुसार दीपेंद्र खून की कमी के चलते पिछले कई दिनों से अस्पताल में भर्ती है। वह ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है और पहले से ही कमजोर हालत में था।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद संतोष सिंह द्वारा मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन पर रुपये देकर एफआईआर न कराने का दबाव बनाने का भी आरोप है।
वहीं, मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से अभी तक कोई ठोस कार्रवाई न होने से परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा इस मामले में क्या कदम उठाए जाते हैं।