नगर में भारी वाहनों की नो एंट्री व्यवस्था धड़ाम
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर– नगर में भारी वाहनों की नो एंट्री व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त होती नजर आ रही है। प्रशासन द्वारा निर्धारित समय पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक के बावजूद ट्रक, डंपर और अन्य बड़े वाहन धड़ल्ले से नगर के अंदर प्रवेश कर रहे हैं। इससे न केवल यातायात व्यवस्था चरमरा गई है, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है।
इस लापरवाही का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि नो एंट्री के समय भारी वाहन बेधड़क नगर में प्रवेश कर रहे हैं, जबकि मौके पर तैनात जवान अपनी जिम्मेदारी निभाने में पूरी तरह विफल नजर आ रहे हैं। वीडियो में जवानों की उदासीनता और ड्यूटी के प्रति लापरवाही साफ झलक रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नो एंट्री के दौरान तैनात जवान न तो वाहनों को रोकते हैं और न ही किसी प्रकार की सख्ती बरतते हैं। इससे नगर के मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे स्कूली बच्चों, मरीजों और कामकाजी लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि नो एंट्री व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाए और लापरवाही बरतने वाले जवानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही, नियमित निगरानी और चेकिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न उत्पन्न हो। वायरल वीडियो ने एक बार फिर व्यवस्था की पोल खोल दी है और जिम्मेदार अधिकारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
———————————————————
सड़क किनारे मिला ससुराल से आ रहे युवक का शव
– पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– जाफरगंज थाना क्षेत्र के ककोरा ग्राम पंचायत के मजरे खदरी गांव निवासी छेदालाल निषाद 50 वर्ष गांव में रहकर खेती किसानी कर परिवार का भरण पोषण करता था। रविवार को मोटर साइकिल से चांदपुर थाना क्षेत्र के गांव तारनडेरा ससुराल गया था। देर शाम को घर वापस लौटते समय बुडंदा गांव के पास बाइक सवार मृत अवस्था में सड़क के किनारे पड़ा था। जिसके सिर से खून निकल रहा था। सोमवार सुबह पांच बजे ग्राम प्रधान पूनम देवी के फोन पर चांदपुर थाने में तैनात उप निरीक्षक वीरेंद्र पांडेय ने सूचना दी थी। ग्राम प्रधान ने बताया कि गांव में साले की जमींन है जिसे मृतक बटाई में लिए हैं। खाद डालने के लिए पैसे लेने गया था। मौत की खबर पाकर परिजन बेहाल हो गए। परिजनों की सूचना पर पहंुची पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
–———————————————————
अलग-अलग मार्ग दुर्घटनाओं में चार घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– जनपद के अलग थाना क्षेत्रों के अन्तर्गत हुए सड़क हादसों के दौरान चार लोग घायल हो गये। जिन्हे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार खागा कोतवाली क्षेत्र के तेंउजा गांव निवासी स्व0 रग्घू प्रसाद का 70 वर्षीय पुत्र जगदेव प्रसाद रविवार की शाम मोपेड से किसी काम से जा रहा था। जब वह थरियांव थाना क्षेत्र के उसरैना के समीप पहुंचा तभी चार पहिया ने उसे टक्कर मार दिया। जिससे वह घायल हो गया। इसी प्रकार हथगाम थाना क्षेत्र के पूरे टीका गांव निवासी मेवालाल का 30 वर्षीय पुत्र संतोष कुमार बाइक से सामान लेने जा रहा था। तभी आरा मशीन के समीप अनियंत्रित होकर बाइक गिर जाने से घायल हो गया। वहीं सुल्तानपुर कस्बा निवासी राजाराम का 18 वर्षीय पुत्र अनिल अपने साथ स्व0 संतोष का 22 वर्षीय पुत्र भोलू उर्फ अभय बाइक से रिश्तेदारी में जा रहा था। जब वह किशनपुर थाना क्षेत्र के अर्न्तगत पहुंचा तभी अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से दोनो घायल हो गये। सूचना पाकर मौके में पहुंची सरकारी एम्बुलेंस ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।
————————————————-
नीलगाय से बाइक टकराई, अधेड़ की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– चांदपुर थाना क्षेत्र के अर्न्तगत बुड़न्दा गांव के समीप रविवार की रात ससुराल से घर जा रहे बाइक सवार 55 वर्षीय अधेड़ नीलगाय से टकरा गया। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी।
जानकारी के अनुसार जाफरगंज थाना क्षेत्र के खदरी गांव निवासी स्व0 मोतीलाल का पुत्र छेदा लाल रविवार की सुबह अपनी ससुराल चांदपुर थाने के तारनडेरा पैसा लेने गया था। रात लगभग 9 बजे लौटते समय जब उसकी बाइक बुडन्दा गांव के पास पहुंची तभी अचानक सड़क पार कर रही नीलगाय से जा टकराया। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। सूचना पाकर मौके में पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
——————————————————-
ई-रिक्शा बाइक की भिड़ंत में पीआरडी जवान की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के छेउका गांव के रहने वाले लगभग 40 वर्षीय पीआरडी के जवान धर्मेश सिंह पुत्र दुर्गा की बजरंगापुर गांव के पास सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। धर्मेश हथगाम थाना क्षेत्र के पुलिस चौकी छिवलहा में नाइट ड्यूटी करने आ रहे थे तभी ई-रिक्शा चालक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी जिससे वे सड़क पर गिर गए और उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार धर्मेश सिंह छिवलहा पुलिस चौकी में रात आठ बजे से नाइट ड्यूटी करने घर से निकले थे। बजरंगापुर शास्त्री गैस गोदाम के पास तेज रफ्तार ई-रिक्शा चालक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे वे सड़क पर गिर पड़े और उनकी दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पाकर हुसैनगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस रिकॉर्ड में धर्मेश सिंह एक कर्मठ और ड्यूटी के पंक्चुअल पीआरडी के रूप में जाने जाते थे। उनकी दर्दनाक मौत की खबर पाते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। पारिवारीजनों में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि उनकी पत्नी आंगनबाड़ी वर्कर के रूप में रायबरेली जिले में कार्यरत हैं।
