राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत उरई में चला जागरूकता अभियान, नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को किया गया सम्मान
दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन उरई, 14 जनवरी— राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत आज दिनांक 14 जनवरी 2026 को एट, गोबिन्दम, इकलासपुरा चौराहा एवं जमुना पैलेस चौराहा पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट एवं चारपहिया वाहन चालकों को सीट-बेल्ट के प्रयोग के लिए जागरूक किया गया। साथ ही बिना रिफ्लेक्टर संचालित वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाया गया।
इस जागरूकता कार्यक्रम का नेतृत्व सुरेश कुमार, वरिष्ठ सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) द्वारा किया गया। अभियान के दौरान जो दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालक हेलमेट व सीट-बेल्ट का प्रयोग करते हुए पाए गए, उन्हें माला पहनाकर एवं पुष्प भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं बिना रिफ्लेक्टर वाले वाहनों पर मौके पर ही रिफ्लेक्ट टेप लगाया गया।
कार्यक्रम के दौरान बिना हेलमेट एवं सीट-बेल्ट के वाहन चलाने वाले चालकों को कठोर चेतावनी दी गई। उन्हें सरकार, परिवहन विभाग एवं उनके परिवार की ओर से आग्रह किया गया कि वाहन संचालन के दौरान सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। वाहन चालकों को नशे की अवस्था में वाहन न चलाने, तेज गति से वाहन न चलाने, स्टंट न करने, गलत दिशा में वाहन न चलाने, प्रेशर हॉर्न का प्रयोग न करने तथा आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई।
अधिकारियों द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि कोई भी वाहन चालक यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध कठोर प्रवर्तन कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।