बीईओ ने रामरुप सिंह पब्लिक स्कूल को भेजी नोटिस, अन्य लघु खबरों के साथ

       बीईओ ने रामरुप सिंह पब्लिक स्कूल को भेजी नोटिस
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खखरेरु, फतेहपुर। क्षेत्र के दरियामऊ गांव में संचालित रामरूप सिंह पब्लिक स्कूल को खण्ड शिक्षा अधिकारी ने नोटिस जारी कर दिया। दरियामऊ गांव में कई वर्षों से रामरूप सिंह पब्लिक स्कूल संचालित है। जिसमें कक्षा एक से कक्षा आठ तक के बच्चों को इंग्लिश मीडियम की शिक्षा दी जाती है लेकिन रजिस्ट्रेशन मात्र कक्षा एक से पांच तक ही कक्षाओं का है जिसकी शिकायत पर खण्ड शिक्षा अधिकारी रजनीश श्रीवास्तव ने रामरूप सिंह पब्लिक स्कूल को नोटिस जारी कर जांच पड़ताल शुरू कर दिया है। इस संबंध में खण्ड शिक्षा अधिकारी रजनीश श्रीवास्तव ने बताया कि नोटिस जारी कर जल्द ही कक्षा छह से आठ तक की कक्षाएं बंद करने को कहा गया है। वरना विद्यालय के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी। यदि क्षेत्र में कोई भी मानकविहीन विद्यालय संचालित पाया जाएगा तो उसके विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी।
 न व मान्यता के संचालित रुद्र पॉलीक्लीनिक पर स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्यवाही की। सीएमओ के निर्देश पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्लीनिक की जांच पड़ताल की। टीम को मौके पर कोई वैध कागज, पंजीकरण प्रमाण पत्र या चिकित्सकीय योग्यता से संबंधित दस्तावेज नहीं मिले। क्लीनिक के संचालक द्वारा मरीजों का उपचार बिना किसी अधिकृत अनुमति के किया जा रहा था।

————————  
एसवीएम का तीन दिवसीय वार्षिक निरीक्षण शुरू
खागा, फतेहपुर। नगर के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में विद्यालय का वार्षिक निरीक्षण शनिवार को शुरू हो गया। वंदना बेला में प्रधानाचार्य गजेंद्र सिंह एवं अतिथि प्रधानाचार्य बृज किशोर सिंह चौहान एवं उनकी टीम द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पार्चन एवं दीप प्रज्जवलित कर शैक्षणिक कार्यों की शुरुआत हुई।
महाराजा अग्रसेन सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज शिवपुरी मार्ग झांसी से आए प्रधानाचार्य एवं उनकी टोली विद्यालय का तीन दिनों तक विद्यालय परिसर में ही रहकर विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था एवं विभिन्न गतिविधियों का निरीक्षण करेगी। विद्यालय के वरिष्ठ प्रवक्ता अनिल प्रकाश श्रीवास्तव ने अतिथि महानुभावों का परिचय पूर्ण कराया। इसके बाद अतिथि आचार्य महानुभावों को अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। वंदना के उपरांत अतिथि प्रधानाचार्य ने बच्चो को संबोधित किया। श्री सिंह ने कहा कि हम सभी एक ही परिवार के हैं इसलिए हम अतिथि नहीं है हम चाहते हैं कि हम यहां से कुछ अच्छा लेकर जाएं। उहोंने कहा कि विद्या भारती का उद्देश्य हमें आत्मसात करना चाहिए। विद्यार्थी को सतत अच्छा पाने और करने का प्रयास करना चाहिए। इस मौके पर दीपक गुप्त, जगदीश सिंह, अनिल श्रीवास्तव, रामौतार सहित शिक्षक मौजूद रहे।
———————— 
तीन दिनों में आवेदन करें पशु पालक
फतेहपुर। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा० वेदब्रत गंगवार ने बताया कि उत्तर प्रदेश चारा नीति के अन्तर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य योजना के अंतर्गत नैपियर घास की जडे़, रूट स्लिप उपलब्ध कराया जाना है। योजनान्तर्गत जनपद में दो हेक्टेयर भूमि के दस कृषक, पशुपालक, गैर सरकारी संस्था एफपीयू, स्वयं सहायता समूह, गौशाला, गौ आश्रय स्थलों के प्रधान की सिंचित भूमि 0.2 हेक्टेयर विशेषकर चारागाह पर हरा चारा उत्पादन हेतु भूमि प्रबन्धन समिति को निःशुल्क उपलब्ध कराया जाना प्रस्तावित है। आवेदन में अनुसूचित जाति/अनु०जन जाति के परिवारों के साथ-साथ किसी भी वर्ग की महिला मुखिया परिवार की महिलाओं को प्राथमिकता दी जायेगी। योजना में चयनित लाभार्थियों को योजनान्तर्गत प्रथम वर्ष में निःशुल्क नैपियर गांठ/जडों को उपलब्ध कराया जायेगा। साथ ही नैपियर शीड बैंक तैयार करने हेतु उपलब्ध करायी गयी नैपियर रूट स्लिप के सापेक्ष आगामी वर्षों में दोगुनी संख्या में नैपियर गांठों व जडों को विभाग को निःशुल्क दिये जाने हेतु सहमति पत्र प्रदान किया जायेगा। आवेदन पत्र के साथ आधार कार्ड, भूमि का स्वामित्व प्रमाण पत्र, खसरा खतौनी, बैंक खाता विवरण को स्व प्रमाणित कर संलग्न करना आवश्यक हैं। इच्छुक पशुपालक मुख्य पशु चिकित्साधिकारी कार्यालय में तीन दिवस के भीतर आवेदन करें।
————————  
युवक ने फांसी लगाकर दी जान
फतेहपुर। हथगाम थाना क्षेत्र के ग्राम सुक्खा का पुरवा मजरे कसेरूवा में शुक्रवार की रात 35 वर्षीय अविवाहित युवक ने घर के अंदर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
जानकारी के अनुसार सुक्खा का पुरवा मजरे कसेरूवा गांव निवासी स्व0 रामराज के पुत्र विमल कुमार ने रात घर में उस वक्त फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली जब घर के सभी लोग गहरी नींद सो रहे थे। सुबह जब परिजनों की नींद खुली और कमरे में विमल का फांसी पर लटका शव देखा तो कोहराम मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। परिजनों ने बताया कि मृतक शराबी था।
———————- 
नाती की पिटाई से वृद्ध की मौत
फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बैरमपुर मजरे कठेरूवा में दो दिन पूर्व 85 वर्षीय वृद्ध को नाती ने बुरी तरह पीट दिया था। जिसकी घर पर ही इलाज के दौरान मौत हो गई।
बताते चलें कि स्व0 श्रीपाल का पुत्र छत्रपाल को दो दिन पूर्व नाती ने मारापीटा था। जिस पर घर वाले प्राइवेट इलाज कराकर घर वापस ले आए। बीती रात इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
———————-  
युवक ने जहर व डाई पीकर आत्महत्या का किया प्रयास
फतेहपुर। मलवां थाना क्षेत्र के ग्राम असवार तारापुर में शनिवार की दोपहर पत्नी के ससुराल न आने से क्षुब्ध 30 वर्षीय युवक ने जहर के साथ डाई पी लिया। जिसे गंभीर अवस्था में उपचार के लिए सदर अस्पताल लाया गया जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए कानपुर के लिए रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार असवार तारापुर गांव निवासी रामसजीवन के पुत्र अर्जुन ने शनिवार की दोपहर जहर के साथ-साथ डाई पी लिया। कुछ समय बाद जब उसकी हालत बिगड़ने लगी तो परिजन उसे तत्काल सरकारी एंबुलेंस से उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक ने उसकी हालत चिंताजनक देखते हुए कानपुर के लिए रेफर कर दिया। पिता रामसजीवन ने बताया कि उसकी पत्नी दो साल पूर्व मायके चली गई थी। जिसको लेकर पुत्र मानसिक तनाव में रहता था। जिसके चलते उसने घटना को अंजाम दिया है।
—————— 
सर्पदंश से युवक की हालत बिगड़ी
फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम लालीपुर में शनिवार की सुबह खेतों में काम करते समय 52 वर्षीय अधेड़ को जहरीले सर्प ने डस लिया। जिसे उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार लालीपुर गांव निवासी प्रहलाद का पुत्र रामसेवक शनिवार की सुबह खेतों में काम कर रहा था। इसी दौरान उसे जहरीले सर्प ने डस लिया। इसकी जानकारी जब परिजनों को हुई तो उसे तत्काल सरकारी एंबुलेंस से उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां इलाज कर रहे चिकित्सक ने उसकी हालत में सुधार बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *