उज्ज्वला परिवारों को बड़ा तोहफा, रोज़ा रखने वाली बहनों के चेहरों पर भी दिखी खुशी
उज्ज्वला परिवारों को बड़ा तोहफा, रोज़ा रखने वाली बहनों के चेहरों पर भी दिखी खुशी
होली की रंगत में घुली राहत की खुशबू उज्ज्वला परिवारों को बड़ा तोहफा, रोज़ा रखने वाली बहनों के चेहरों पर भी दिखी खुशी दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन – – होली के पावन अवसर पर प्रदेश सरकार ने उज्ज्वला परिवारों को बड़ी राहत देते हुए गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी का वितरण किया। मा० मुख्यमंत्री Yogi Adityanath द्वारा Pradhan Mantri Ujjwala Yojana के अंतर्गत 1,500 करोड़ रुपये की धनराशि से प्रदेश के 1.86 करोड़ उज्ज्वला परिवारों को सब्सिडी वितरण का शुभारंभ Lok Bhavan से किया गया।
जनपद जालौन में विकास भवन सभागार में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया, जहां बड़ी संख्या में महिलाओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति देखने को मिली। होली की उमंग और रमज़ान की इबादत के बीच रोज़ा रखने वाली महिलाओं के चेहरों पर भी राहत और खुशी साफ झलक रही थी। सभी वर्गों की महिलाओं ने इसे त्योहार पर मिला सच्चा उपहार बताया।
कार्यक्रम में कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, एमएलसी प्रतिनिधि मयंक त्रिपाठी, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने कहा कि उज्ज्वला योजना ने ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के जीवन में ऐतिहासिक बदलाव लाया है। पहले महिलाएं धुएं से भरे चूल्हों के बीच खाना बनाने को मजबूर थीं, जबकि आज स्वच्छ एलपीजी गैस ने उनके जीवन को सुरक्षित और सम्मानजनक बनाया है। उन्होंने कहा कि होली के अवसर पर दी गई यह सब्सिडी प्रदेश सरकार की संवेदनशीलता और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी को योजना का लाभ पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से मिले। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी प्रकार की समस्या का त्वरित समाधान किया जाए, ताकि कोई भी पात्र परिवार लाभ से वंचित न रहे।
जिला पूर्ति अधिकारी राजीव शुक्ला ने बताया कि जनपद में वर्ष 2016-17 से अब तक 1,81,508 लाभार्थियों को निःशुल्क गैस कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं। वर्ष 2025-26 में प्रथम चरण में 72,464 तथा द्वितीय चरण में 47,479 उपभोक्ताओं द्वारा गैस सिलेंडर रिफिल कराया गया है, जिनकी सब्सिडी राशि उनके आधार प्रमाणित बैंक खातों में हस्तांतरित की जा चुकी है।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने कहा कि गैस रिफिल की यह सहायता त्योहार के समय बड़ी राहत लेकर आई है। कई लाभार्थियों ने भावुक होकर बताया कि अब उन्हें त्योहार पर ईंधन की चिंता नहीं सताएगी।
उज्ज्वला योजना आज महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सशक्त अभियान बन चुकी है। होली के रंगों के बीच मिली इस राहत ने जनपद की हजारों महिलाओं के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी।