विनोबा नगर में समरसता भोज का हुआ आयोजन
– बच्चों ने खिचड़ी का उठाया लुत्फ
फोटो परिचय- खिचड़ी भोज में शामिल बच्चे।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। विनोबा नगर में संचालित सरस्वती संस्कार केंद्र की ओर से खिचड़ी भोज समरसता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें विनोबा नगर के बच्चों एवं पुरुषों ने खिचड़ी भोज का आनंद लिया।
प्रमुख सहयोगी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज वीआईपी रोड के प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह, बीडीओ उन्नाव संध्या रानी, रेडक्रास चेयरमैन डॉ अनुराग श्रीवास्तव, भोजन जन सेवा समिति के संस्थापक कुमार शेखर, मोनू अवस्थी, रिंकू द्विवेदी, अतुल अवस्थी, अनिल द्विवेदी, शैलेश आदि लोगों का सहयोग रहा। आचार्य राम नारायण ने सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होने कहा कि समाज में सभी का सहयोग बना रहे। ऐसी उनकी अपेक्षा है। वितरण कार्य में प्रमुख सहयोग प्रवीण कुमार, पंकज कुमार का भी सहयोग रहा।

——————————————-
रेडक्रास चेयरमैन ने जरूरतमंदों को बांटे कंबल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ अनुराग श्रीवास्तव ने चिन्हित अतिजरूरतमंद बुजुर्गों, महिलाओं व दिव्यांगजनों को कंबल वितरण किया।
डॉ अनुराग ने मधुपुरी के पांच, हरगनपुर के पांच, रमवां के तीन, सोनही के चार, लोटहा के दस, मऊ के सात कुल 34 कम्बल व दो जरूरतमन्दों को तिरपाल वितरित किए। डा. अनुराग ने कहा कि भीषण ठण्ड के बीच सबसे अधिक गरीब वर्ग को कंबल व तिरपाल की दरकार रहती है। प्रत्येक वर्ष उनकी ओर से कंबल वितरण कार्यक्रम किया जाता है। इस वर्ष भी लगातार कंबल वितरण किया जा रहा है। यदि किसी जरूरतमंद को कंबल व तिरपाल की आवश्यकता हो तो वह उनसे संपर्क कर सकता है। इस अवसर पर महेंद्र शुक्ल संरक्षक, चैतन्य कुमार, अशोक शुक्ला उपस्थित रहे।

————————————————
खिचड़ी भोज आज
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। शहर के गोपालनगर स्थित श्री सीताराम मंदिर सिद्धपीठ दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में कल (आज) दोपहर बारह बजे पूर्व मंत्री राधेश्याम गुप्त की अध्यक्षता में अयाह शाह विधायक विकास गुप्ता द्वारा मकर संक्रांति पर्व पर खिचड़ी भोग का आयोजन श्री सीताराम मंदिर ट्रस्ट के सौजन्य से किया जाएगा। जिसमें छोटे बच्चों को पतंग वितरित की जाएगी। साथ ही ट्रस्टी गोपाल कृष्ण गुप्ता, संजय गुप्ता, संतोष गुप्ता व डॉ दीपक गुप्ता की उपस्थिति रहेगी।
—————————————-
प्रमाण पत्र नहीं मिलने पर डीएम से शिकायत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर। विजयीपुर विकास खण्ड के गाजीपुर निवासी ज़ुल्फिकार उल्ला ने बताया कि उनकी माता का निधन 30 दिसंबर 2025 को हुआ था। देहान्त उपरांत मृत्यु प्रमाण पत्र बनाए जाने हेतु नियमानुसार आवेदन किया। संबंधित कार्यालय को समस्त आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए। पीड़ित का कहना है कि कई बार अनुरोध के बावजूद प्रमाण पत्र नहीं जारी किया गया। कार्य के संबंध में सचिव पर टाल मटोल व अनावश्यक रूप से हैरान व परेशान करने का आरोप लगाया। बार-बार कार्यलय के चक्कर लगाने पर कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया जा रहा है। पीड़ित ने इस समस्या के निवारण के लिए डीएम से शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में कहा गया कि प्रमाण पत्र के बिना सरकारी कार्य व अन्य कानूनी कार्यवाही प्रभावित हो रही है।
————————————-
ओवर ब्रिज पर डिवाइडर से टकराई बाइक, जीजा की मौत
– हादसे में साला गंभीर घायल, चल रहा उपचार
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। मलवां थाना क्षेत्र के ग्राम चक्की ओवर ब्रिज में बुधवार की दोपहर अनियंत्रित होकर बाइक डिवाइडर से टकरा गई। जिससे जीजा-साला गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां जीजा को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार सदर कोतवाली क्षेत्र के आबूनगर नई बस्ती निवासी देवीचरन का 50 वर्षीय पुत्र निरंजन गौतम अपने साले अनिल पुत्र रमेश निवासी बेनीपुर थाना धाता के साथ उसकी ससुराल बिन्दकी कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत जा रहे थे। जैसे ही ये लोग चक्की नाका ओवर ब्रिज पर पहुंचे तभी अनियंत्रित होकर बाइक डिवाइडर से टकरा गई। जिससे दोनों बुरी तरह घायल हो गए। सूचना पाकर पहुंची सरकारी एंबुलेंस ने घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक ने जीजा निरंजन गौतम को मृत घोषित कर दिया। उधर घायल साले का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
———————————–
बाइकों की भिड़ंत में दो युवकों की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। गाजीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चुरियानी के समीप मंगलवार की शाम बाइकों की हुई भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार हेतु सदर अस्पताल लाया गया। इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
बताते चलें कि गाजीपुर थाने के फरीदाबाद टिकरी गांव निवासी रामकृपाल का 23 वर्षीय पुत्र विमलेश कुमार अपने साथी सनी पुत्र संतोष के साथ बाइक से रिश्तेदारी में जा रहा था। जब यह लोग चुरियानी के समीप पहुंचे तभी राधानगर थाना क्षेत्र के मलाका गांव निवासी सुखदेव का 30 वर्षीय पुत्र धर्मेन्द्र कुमार बाइक लेकर आ रहा था। तभी दोनों के बीच भिड़ंत हो गई। जिसमें धर्मेन्द्र की घटनास्थल पर मौत हो गई। जबकि विमलेश व सनी घायल हो गए थे। सूचना पर पहुंची सरकारी एंबुलेंस ने घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान विमलेश ने भी दम तोड़ दिया। सूचना पर पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।

