मांगो को लेकर भाकियू टिकैत गुट ने किया धरना प्रदर्शन
– दो दिन बाद डीएम से होगी वार्ता: नवल
फोटो परिचय- कलेक्ट्रेट गेट के बाहर धरना देते भाकियू टिकैत गुट के पदाधिकारी।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। तेरह सूत्रीय मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट गेट के बाहर धरना प्रदर्शन किया। धरने में उपस्थित नेताओं ने अपनी-अपनी आवाज बुलंद की। शाम को धरना समाप्त कर दिया गया। जिलाध्यक्ष नवल सिंह पटेल ने बताया कि दो दिन बाद मांगों को लेकर जिलाधिकारी से वार्ता होगी।
यूनियन के जिलाध्यक्ष नवल सिंह पटेल की अगुवई में पदाधिकारियों व किसानों ने कलेक्ट्रेट गेट के बाहर मांगों को लेकर धरना दिया। धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि किसानों की समस्याओं के तमाम ज्ञापन दिए जाते हैं। इसके बावजूद समस्याओं का निस्तारण नहीं किया जाता। इसलिए आज धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। धरने के माध्यम से मांग की गई कि किसानों की सभी प्रकार के धान खरीद कराई जाए, जहानपुर मजरे डीघ में पंद्रह दिन से चल रहे धरने में किसानों को न्याय दिलाया जाए, तेलियानी ब्लाक के सहिली गांव में धान क्रय केन्द्र खोा जाए, अखरी ट्रिपल मर्डर केस में गैंगस्टर की कार्रवाई के बाद सम्पत्ति कुर्क कराई जाए, जहानपुर मजरे डीघ के गाटा संख्या 1827 व 1873 खलिहान की भूमि खाली कराई जाए, बिंदकी तहसील में तैनात एसडीएम किसानों की समस्याओं पर गंभीर नहीं है इन्हें तत्काल हटाया जाए, जल जीवन मिशन के तहत डाली गई पाइप लाइनें क्षतिग्रस्त हैं, पानी की सप्लाई सुचारू रूप से कराई जाए, खागा तहसील के दरियामऊ ग्राम सभा के श्रीचन्द्र के पुस्तैनी मकान में छत नहीं पड़ने दी जा रही है जबकि वह मकान पीएम आवास से बन रहा है, यूरिया खाद सभी समितियों में पहुंचाई जाए, प्राइवेट दुकानदारों द्वारा की जा रही ओवररेटिंग पर रोक लगाई जाए। इसके अलावा अन्य मांगे शामिल रहीं। इस मौके पर राष्ट्रीय संगठन मंत्री राजेन्द्र सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक उत्तम, प्रदेश सचिव रामसहाय पटेल, मंडल महासचिव प्रयागराज देव नारायण पटेल, रेहाना खातून, मुन्ना शेख, विवेक सिंह यादव, अनिल पटेल, एखलाक अहमद, रविशंकर पटेल उर्फ बच्चीलाल फौजी, दिनेश शुक्ला, धनंजय सिंह, कप्तान सिंह यादव, धर्म सिंह चौहान, सोलंकी सिंह, भानु प्रताप सिंह पटेल भी मौजूद रहे।

