दिवंगत लेखपाल के घर पहुंचे बसपाई, की आर्थिक मदद
– पीड़ित परिवार को न्याय दे सरकार: राजू
फोटो परिचय- दिवंगत लेखपाल के परिजनों को आर्थिक मदद देते बसपाई।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। खजुहा कस्बे के बागबादशाही के रहने वाले लेखपाल ने एसआईआर ड्यूटी के दौरान अधिकारियों की मानसिक प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर आत्महत्या कर ली थी। जिस पर लगातार विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि आवास पहुंचकर पीड़ित परिवार की मदद व न्याय दिलाने की लड़ाई में सहयोग करने की बात कह रहे हैं। रविवार को बहुजन समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता राजू गौतम की अगुवई में बसपा का एक प्रतिनिधि मंडल मृतक लेखपाल के आवास पहुंचा और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर ढाढंस बंधाया। श्री गौतम ने आर्थिक मदद भी सौंपी।
बसपा नेता श्री गौतम ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पार्टी हर स्तर पर न्याय की लड़ाई लड़ेगी। उन्होने कहा कि एसआईआर के कार्य में लगे बीएलओ को मानसिक प्रताड़ित किया जा रहा है। उच्चाधिकारी अनायास ही बीएलओ पर दबाव बना रहे हैं। जिसके चलते बीएलओ आत्महत्याएं करने के लिए विवश हो रहे हैं। उन्होने कहा कि यदि मृतक लेखपाल के परिवारीजनों को न्याय न मिला और एसआईआर प्रभारी बिंदकी संजीव सक्सेना समेत अन्य उच्चाधिकारियों पर कार्रवाई न हुई तो पार्टी आंदोलन के लिए विवश हो जाएगी।

