पर ब्लाक वन कॉप सप्ताह के तहत ग्राम पंचायतों में हुई कृषक गोष्ठी,लघु खबरों के साथ

    पर ब्लाक वन कॉप सप्ताह के तहत ग्राम पंचायतों में हुई कृषक गोष्ठी
– नवीन औद्यानिक तकनीक से फसलें तैयार करने के दिए टिप्स
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि पर ब्लॉक वन कॉप सप्ताह के तहत स०उ०नि० धर्मेन्द्र सिंह ने भिटौरा विकास खण्ड के ग्राम पंचायत मिर्जापुर भिटारी, उ०नि० अखिलेश सिंह ने विजयीपुर विकास खण्ड की ग्राम पंचायत पेरी एवं स०उ०नि० डा० सुनील कुमार ने हथगाम विकास खण्ड की ग्राम पंचायत सरौली में कृषक गोष्ठी का आयोजन किया। प्रतिभाग करने वाले स्थानीय कृषकों को जानकारी दी गयी कि औद्यानिक उत्पादों में टमाटर, मिर्च, केला, आलू, प्याज एवं मशरूम के उत्पादो को नवीन औद्यानिक तकनीक से तैयार कर प्रदेश के बाहर के बाजारो में बेचा जाये तो किसानों की आय में वृद्धि हो सकती है।
स०उ०नि० धर्मेन्द्र सिंह ने ग्राम पंचायत मिर्जापुर भिटारी के कृषकों को केला की खेती के बारे में विस्तार से बताने के साथ-साथ जायद मौसम में कृषको को अपनी खाली भूमि में करेला, लौकी, तरोई, भिण्डी आदि की खेती कर आय में वृद्धि करने का सुझाव दिया। व०उ०नि० विजय कुमार चौरसिया ने ग्राम पंचायत मिर्जापुर भिटारी में आयोजित कृषक गोष्ठी कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले कृषकों को विभाग में संचालित औद्यानिक विकास की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। अखिलेश सिंह ने ग्राम पंचायत पेरी के कृषकों को प्याज की खेती के बारे में विस्तार से बताया गया। डा० सुनील कुमार ने ग्राम पंचायत सरौली के कृषको को केला की खेती की तकनीकि जानकारी प्रदान करते हुए फसल का अच्छा उत्पाद प्राप्त कर बाजार में फसल का अच्छा मूल्य प्राप्त करने व आय में वृद्धि किये जाने का सुझाव दिया। जिला उद्यान अधिकारी डा० रमेश पाठक ने ग्राम पंचायत सरौली में कृषक गोष्ठी कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले कृषकों को विभाग में संचालित औद्यानिक विकास की योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ इण्टरकॉपिंग की फसलों को लगाकर कृषको को अपनी आय में वृद्धि किये जाने का सुझाव दिया। इस मौके पर वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केन्द्र थरियांव डा० संजय कुमार सिंह, ज्येष्ठ कृषि विपणन निरीक्षक विनोद कुमार, बाबू लाल मौर्या, सुभाष चन्द्र मौर्या, प्रगतिशील कृषक रमेश सिंह आदि उपस्थित रहें।
————————————
आज जाएंगी राज्य महिला आयोग की सदस्य
फतेहपुर। जिला प्रोबेशन अधिकारी ऋषांत कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि उप्र राज्य महिला आयोग की सदस्य अंजू प्रजापति जनपद में महिला उत्पीड़न की घटनाओं की समीक्षा, महिला जनसुनवाई, जागरूकता चौपाल, निरीक्षण आदि किया जाना है। महिला जनसुनवाई छह अगस्त को पूर्वान्ह ग्यारह बजे सदस्य द्वारा पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस (सर्किट हाउस) जीटी रोड में किया जाएगा तत्पश्चात जागरूकता चौपाल, बालिका, महिला गृहों व आंगनबाड़ी केन्द्रों आदि का निरीक्षण किया जाना प्रस्तावित है।
——————————-
 महिला से छेड़छाड़, मुकदमा दर्ज
विजयीपुर, फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पीड़ित महिला ने थाना स्थानीय पर प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि देर रात बदनियती से गांव के एक युवक ने आकर छेड़छाड़ की। शोर गुल होने पर मौके से फरार हो गया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने थाना क्षेत्र अंतर्गत बरैची गांव निवासी श्री लाल कोरी पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
———————————-
 सर्पदंश से मासूम की मौत
फतेहपुर। जाफरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम मितईपुर मजरे नरैचा में मंगलवार की सुबह घर के अंदर खेल रहे 04 वर्षीय बालक को जहरीले सर्प ने डस लिया। उपचार के लिए सीएचसी लाया गया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार मितईपुर मजरे नरैचा गांव निवासी संजय का पुत्र शुभम सुबह नौ बजे अपने घर के अंदर खेल रहा था। इसी दौरान जहरीले सर्प ने उसे डस लिया। इसकी जानकारी जब परिजनों को हुई तो उसे तत्काल उपचार के लिए सीएचसी ले गए। जहां चिकित्सक ने मासूम को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया है।
———————————–
 किशोरी ने फांसी लगाकर दी जान
फतेहपुर। जहानाबाद कस्बा के मुहल्ला दारागंज में मंगलवार की सुबह 16 वर्षीय किशोरी ने घर के अंदर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। जानकारी के अनुसार दारागंज मुहल्ला निवासी शरीफ अपनी पत्नी के साथ खेत में काम करने चला गया। घर पर उसकी पुत्री नाजिया थी। जैसे ही माता-पिता घर से निकले तभी उसने घर के अंदर पंखे में रस्सी का फंदा डाल फांसी पर लटक गई। आस-पास के लोगों ने जब खिड़की से झांक कर देखा तो उसका शव फांसी पर लटका था। इसकी जानकारी मुहल्लेवालों ने परिजनों को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। समाचार लिखे जाने तक किशोरी की आत्महत्या की वजह ज्ञात नही हो सकी।
———————————-
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत
फतेहपुर। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भवानीपुर के समीप मंगलवार की सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दिया जिससे 24 वर्षीय युवक की घटनास्थल पर मौत हो गई। जानकारी के अनुसार बिन्दकी कोतवाली के जोनिहां निवासी ओम प्रकाश विश्वकर्मा का पुत्र तेज बहादुर विश्वकर्मा मंगलवार की सुबह लगभग ग्यारह बजे बाइक से रिश्तेदारी में जा रहा था। जब वह भवानीपुर के पास पहुंचा तभी तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक मौके पर वाहन छोड़कर भाग जाने में सफल रहा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
———————————-
 करंट की चपेट मंे आकर युवक की मौत
फतेहपुर। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अमरौली में करंट की चपेट में आ जाने से 36 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को विच्छेदन हेतु भेजा है। जानकारी के अनुसार अमरौली गांव निवासी चन्द्रपाल तिवारी का पुत्र विनोद कुमार मंगलवार की सुबह कूलर ठीक कर रहा था। तभी अचानक प्लग लगाते समय करंट की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। घटना की जानकारी मृतक के चाचा अवधेश तिवारी ने दी।
——————————-
ट्रेन से कटकर युवक की मौत
फतेहपुर। मलवां थाना क्षेत्र के ग्राम कांधी के समीप शौचक्रिया के लिए जा रहे 22 वर्षीय युवक रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार कांधी गांव निवासी स्व0 चन्द्रपाल गोयल का पुत्र अविनेश प्रताप गोयल शौचक्रिया के लिए जंगल जा रहा था जब वह रेलवे लाइन पार करने लगा इसी बीच ट्रेन की चपेट में आ जाने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
———————————-
 संदिग्ध हालत में मजदूर की मौत
फतेहपुर। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जनता में मजदूरी कर घर वापस आ रहे 45 वर्षीय मजदूर की संदिग्ध हालत में गांव के बाहर खेत में अचानक गिरने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार जनता गांव निवासी स्व0 मंगली रैदास का पुत्र सुखनंदन मुर्गी फार्म में मजदूरी करता था। सोमवार की शाम घर वापस आते समय अचानक उसकी तबियत बिगड़ गई और खेत में गिर पड़ा। कुछ ही देर बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी मिलने पर परिजनों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। जिस पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
——————————-
 मामूली विवाद में युवक ने खाया जहर
फतेहपुर। राधानगर थाना क्षेत्र के कासिमपुर मजरे रमवां अपनी ससुराल आए 30 वर्षीय युवक ने मामूली विवाद में जहरीला पदार्थ खा लिया। जिसे उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार बांदा जनपद के थाना करतल नरैनी गांव शंकर बाजार निवासी देशराज का पुत्र अनिल दो दिन पूर्व अपनी ससुराल कासिमपुर मजरे रमवां आया था। बताते हैं कि आज सुबह पत्नी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। जिस पर उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ देर बाद जब उसकी हालत बिगड़ने लगी तो परिजनों ने उसे तत्काल सरकारी एंबुलेंस से उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *