नारी सुरक्षा को लेकर पुलिस सतर्क-सीओ
घटना की आशंका पर पुलिस को करे काल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा/फतेहपुर। सरस्वती बाल मंदिर इंटर कालेज शहजादपुर में शनिवार को नारी शक्ति मिशन 05 कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस क्षेत्राधिकारी, कोतवाली प्रभारी महिला पुलिस अधिकारी सहित पूरी पुलिस फोर्स मौजूद रही। कालेज के प्रधानाचार्य राजकपूर सिंह व छात्र-छात्राए शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष विधिवत पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद विद्यालय की कक्षा नौ से बारह तक की बालिकाओं ने नारी शक्ति पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिनमें आत्मरक्षा, सामाजिक जागरूकता एवं महिला सशक्तिकरण के संदेश शामिल थे। छात्राओं ने सुरक्षा को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली। क्षेत्राधिकारी ब्रजमोहन राय ने कहा कि नारी शक्ति मिशन का उद्देश्य बेटियों को सुरक्षा का भरोसा देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना है। वहीं कोतवाली प्रभारी ने छात्राओं को आश्वासन दिया कि पुलिस 24 घंटे उनकी सेवा के लिए तत्पर है। किसी भी प्रकार की समस्या पर तुरंत मदद उपलब्ध कराई जाएगी। प्रधानाचार्य राजकपूर सिंह ने पुलिस विभाग का आभार जताते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन से बालिकाओं का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें समाज में अपनी पहचान बनाने की प्रेरणा मिलती है। इस मौके पर दीपक, दिनेश, शिवप्रताप सिंह एवं समस्त स्टाफ मौजूद रहे।

——————— —
आवासीय विद्यालय की बालिकाओं को मिशन शक्ति की दी जानकारी
हेल्पलाइन नम्बरांे की बताई खूबियां, थानों का कराया गया भ्रमण
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फ़तेहपुर। प्रदेश सरकार द्वारा बालिकाओं व महिलाओं के सुरक्षा एवं स्वावलम्बन के लिये चलाये जा रहे मिशन शक्ति कार्यक्रम के तहत दस दिनी बिशेष जागरूकता पखवारा का आयोजन किया गया जिसमें बालिकाओं को मिशन शक्ति से जुड़ी योजनाओं हेल्पलाइन नम्बरो की जानकारी देने के साथ ही उनके उपयोग एव थाने में एफआईआर दर्ज करवाने एवं पुलिस सम्बन्धी जानकारी के लिए थाने व पुलिस चौकियों का भ्रमण कराया गया जिसमें थाना प्रभारी द्वारा बालिकाओं को पुलिस सम्बन्धी जानकारी दी गयी। शनिवार को 21 से 30 सितम्बर दस दिनी विशेष अभियान के तहत बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा जनपद के तेंरह विकास खण्डों एवं नगर क्षेत्र के समस्त विद्यालयों एवं जनपद के सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की बालिकाओं को मिशन शक्ति की जानकारी देने के साथ ही महिला हेल्पलाइन नम्बरो की जानकारी दी गयी एवं विशेषताएं बताई गई। बालिकाओं को हेल्पलाईन नम्बरों की जानकारी के अलावा एफआईआर लिखने एवं समस्त नियमों की जानकारी थानाध्यक्षों व प्रभारियों के माध्यम से करायी जानी थी। जिस पर समस्त विकास खण्डों के विद्यालयों में अध्ययनरत् छात्राओं द्वारा निकटतम थाना, कोतवाली, चौकी का भ्रमण कराया गया। बालिकाओं को चौकी एवं थाना प्रभारियों द्वारा नियमों की जानकारी दी गयी।