सीडीओ ने बालश्रम प्रचार-प्रसार रथ को हरी झण्डी दिखा किया रवाना
सीडीओ ने बालश्रम प्रचार-प्रसार रथ को हरी झण्डी दिखा किया रवाना
बालश्रम उन्मूलन मुक्त प्रदेश के सपने को साकार करना उद्देश्य: सीडीओ
– सीडीओ ने बालश्रम प्रचार-प्रसार रथ को हरी झण्डी दिखा किया रवाना
फोटो परिचय- जागरूकता वाहन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना करते सीडीओ पवन कुमार मीना। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। बालश्रम उन्मूलन एवं पुनर्वासन हेतु एक दिवसीय जनपद स्तरीय कार्यशाला का आयोजन श्रम विभाग एवं एसोसिएशन फॉर वालेंटियरी एक्शन के संयुक्त तत्वाधान में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में आयोजित की गई।
कार्यशाला की शुरुआत सीडीओ की अनुमति से सहायक श्रमायुक्त लालाराम ने कार्यशाला की रूप-रेखा एवं विषय की संक्षेप में चर्चा करते हुए की। सीडीओ ने बालश्रम न कराये जाने के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से रथयात्रा को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। उन्होने व्यापार एवं भट्ठा एसोसिएशन समेत अन्य गणमान्यों से अपील किया कि बालश्रम होने के विभिन्न कारणों में से एक आर्थिक कारण भी है, जिसके लिए सरकार द्वारा विभिन्न विभागों में संचालित योजनाएं मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन योजना एवं अटल आवासीय विद्यालय योजना से जोड़े जाने हेतु किये जा रहे प्रयासों में सहयोग प्रदान करें ताकि बालश्रम उन्मूलन मुक्त प्रदेश के सपने को साकार किया जा सके। उनके द्वारा जनपद को बालश्रम मुक्त बनाये जाने हेतु शपथ भी कराई। कार्यशाला में श्रम आयुक्त मुख्यालय कानपुर की ओर से सैय्यद रिजवान अली, स्टेट कोऑर्डिनेटर द्वारा कार्यशाला में उपस्थित सभी गणमान्य व अधिकारियों को बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 यथासंशोधित, 2016 के प्राविधानों के बारे में विस्तृत रूप से चर्चा की। कहा कि 14 वर्ष तक के बच्चों को कार्य पर रखा जाना अधिनियम के अनुसार पूरी तरह से विधि विरुद्ध है। 14 वर्ष से 18 वर्ष तक के किशोर श्रमिकों से केवल गैर खतरनाक प्रक्रिया में कार्य अधिनियम में विहित शर्तों 06 घंटे से अधिक कार्य नहीं लेना है, एक साथ 03 घंटे से अधिक कार्य नहीं लेना है। इसकी सूचना श्रम अधिकारी को देनी होगी। कार्यशाला में बालश्रम उन्मूलन हेतु हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत भी की गई। कार्यशाला का समापन सहायक श्रमायुक्त ने सभी उपस्थित अधिकारियों व गणमान्यों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए जनपद को बालश्रम मुक्त किये जाने का प्रण लिया। कार्यशाला में श्रम विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, अध्यक्ष एवं सदस्य, बाल एवं कल्याण समिति, चाइल्ड लाइन के सदस्य, एएचटी थाना व अन्य अधिकारीगण, व्यापार मंडल एवं भट्ठा एसोसिएशन के अध्य़क्ष व महामंत्री अपने सदस्यों सहित उपस्थित हुए।