बच्चा 40 फुट गहरे दलदल में फंसा, युवक की सूझबूझ से बची जान
बच्चा 40 फुट गहरे दलदल में फंसा, युवक की सूझबूझ से बची जान
पपीता तोड़ने गए बच्चों में एक बच्चा 40 फुट गहरे दलदल में फंसा, युवक की सूझबूझ से बची जान रिपोर्ट संदीप धुरिया राठ (हमीरपुर) — राठ कोतवाली क्षेत्र के स्यावारी रोड स्थित स्यावारी गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पपीता तोड़ने गए दोस्तों में शामिल एक बच्चा अचानक 30 से 40 फुट गहरे दलदल में समा गया।
बच्चे की चीख-पुकार सुनकर मौके पर सैकड़ों ग्रामीण जमा हो गए। दलदल में फंसे बच्चे का केवल सिर ही दिखाई दे रहा था, जिसे देखकर लोगों में दहशत फैल गई और कोई भी दलदल में उतरने का साहस नहीं कर पा रहा था।
इसी बीच स्यावारी गांव निवासी जितेंद्र राजपूत ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस के पहुंचने में देरी होते देख उन्होंने साहस का परिचय देते हुए स्वयं रस्सी बांधकर दलदल में उतरकर बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
बच्चे के रेस्क्यू का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कस्बे सहित पूरे क्षेत्र में जितेंद्र राजपूत की बहादुरी की जमकर सराहना की जा रही है।
बताया गया है कि बच्चा राठ कस्बे के राधे गार्डन गेस्ट हाउस में एक शादी समारोह में शामिल होने आया था। बच्चा महोबा कस्बे के रामनगर मोहल्ले का निवासी बताया जा रहा है।
घटना के बाद बच्चे को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।