मौसम के बदलते तेवर से सर्दी जुकाम बुखार के बढ़े मरीज

     मौसम के बदलते तेवर से सर्दी जुकाम बुखार के बढ़े मरीज
फोटो परिचय-  सीएचसी में लगी मरीजों की भीड़।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर। मौसम में अचानक हो रहे बदलाव का असर लोगों के स्वास्थ्य पर साफ दिखाई देने लगा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरदो में इन दिनों जुकाम, बुखार और जोड़ दर्द के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। मंगलवार सुबह से ही अस्पताल परिसर में मरीजों की भीड़ जमा हो गई। पंजीकरण काउंटर पर लंबी कतारें लगी रहीं और चिकित्सकों को लगातार मरीजों का परीक्षण करना पड़ा।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार मंगलवार को करीब दो सौ मरीजों ने चिकित्सकीय परामर्श लेकर दवाएं प्राप्त कीं। अधिकतर मरीज सर्दी-जुकाम, वायरल बुखार, गले में खराश और शरीर में दर्द की शिकायत लेकर पहुंचे। बच्चों और बुजुर्गों की संख्या भी उल्लेखनीय रही। बदलते मौसम में तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण लोग तेजी से बीमार पड़ रहे हैं। चिकित्साधिकारी डॉ. सुभाष द्विवेदी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से प्रतिदिन सैकड़ों मरीज उपचार के लिए आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मौसम परिवर्तन के समय विशेष सावधानी बरतना जरूरी है। लोगों को चाहिए कि संतुलित और पौष्टिक आहार लें, ताजे फल-सब्जियों का सेवन करें और पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। सुबह-शाम ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े अवश्य पहनें।
डॉक्टर ने सलाह दी कि बिना चिकित्सकीय परामर्श के दवाओं का सेवन न करें और लक्षण अधिक बढ़ने पर तुरंत अस्पताल में जांच कराएं। स्वच्छता का ध्यान दे, ताकि मौसमी बीमारियों से बचाव किया जा सके।
————————————— 
पंचायत भवनों में आयोजित होने वाली ग्राम चौपाल की तिथियां घोषित
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। कार्य की गुणवत्ता को बनाये रखने के लिए ग्राम में चौपाल आयोजित कर कृषको से फीडबैंक प्राप्त किये जाने हेतु निर्देश दिया गया है। जिससे चकबन्दी योजना को पारदर्शितापूर्वक पूर्ण किया जा सके। ग्राम चौपाल के आयोजन से न केवल खातेदारों की समस्याओं का निराकरण होने बल्कि विवादों का निस्तारण हो सकेगा जिससे कृषकों को अनावश्यक मुकदमेबाजी से राहत मिलेगी। चकबन्दी वोजना के प्रति उनका विश्वास बढेगा, परिणामस्वरूप चकबन्दी प्रक्रिया को शीघ्रता से पूर्ण किया जा सकेगा। जनपद के उप संचालक चकबन्दी, बंदोबस्त अधिकारी चकबन्दी व चकबन्दी अधिकारी द्वारा 23 फरवरी से 28 फरवरी के मध्य अलग-अलग ग्रामों में पृथक पृथक अनिवार्य रूप से प्रचार-प्रसार के माध्यम से ग्राम चौपाल के आयोजन किया जाना है। निर्देशों के अनुपालन में जनपद में चकबन्दी प्रक्रियाधीन ग्रामों में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) व उप संचालक चकबन्दी की अध्यक्षता एवं बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी, चकबन्दी अधिकारी सदर, खागा प्रथम व खागा द्वितीय की उपस्थिति में रोस्टर के अनुसार ग्राम चौपाल हेतु
तिथि व स्थान नियत किया गया। जिसमें 25 फरवरी को तहसील खागा के ग्राम पंचायत शाहपुर तेल्हाई में उप संचालक चकबंदी सुनील कुमार की उपस्थिति में अपराह्न 03 बजे 04 बजे तक, 27 फरवरी को तहसील खागा के ग्राम पंचायत टेसाही खुर्द में मध्यान्ह 12 बजे एवं शाहजहांपुर सेलरहा में अपराह्न 02 बजे से बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी प्रदीप कुमार रमन की उपस्थिति, 25 व 27 फरवरी को तहसील सदर के ग्राम पंचायत सरकंडी एवं ललौली में चकबंदी अधिकारी सदर राजीव दत्त शर्मा की उपस्थिति में पूर्वाह्न 11 बजे से, 24 फरवरी को तहसील खागा के ग्राम पंचायत कूरा में अपराह्न 02 बजे से एवं 27 फरवरी को ग्राम पंचायत कासिमपुर में पूर्वाह्न 11 बजे से चकबंदी अधिकारी खागा अजय कुमार पोरवाल की उपस्थिति, 23 फरवरी को तहसील खागा के ग्राम पंचायत देवारा पूर्वाह्न 11 बजे से एवं 28 फरवरी को ग्राम पंचायत शाहजहांपुर सेलरहा में पूर्वाह्न 11 बजे से विनोद कुमार जैसल चकबंदी अधिकारी की उपस्थिति में किया जाएगा। समस्त ग्राम चौपाल ग्राम पंचायत के पंचायत भवन में की जाएगी। यह जानकारी डिप्टी कलेक्टर/बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी प्रदीप कुमार रमन ने दी।
————————————— 
    सड़क हादसे में घायल अधेड़ की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। दो दिन पूर्व सड़क हादसे में घायल 56 वर्षीय अधेड़ की इलाज के दौरान मंगलवार की सुबह प्रयागराज में मौत हो गई। बताते चलें कि खागा कोतवाली क्षेत्र के आकिलपुर ऐराना निवासी स्व0 छेदीलाल का पुत्र क्षत्रपाल 22 फरवरी की दोपहर खागा कोतवाली के कटोघन टोल प्लाजा के समीप अनियंत्रित होकर बाइक गिर जाने से घायल हो गया था। जिसे उपचार के लिए हरदों अस्पताल ले गए। जहां हालत गंभीर देख चिकित्सक ने प्रयागराज के लिए रेफर कर दिया। इलाज के दौरान मंगलवार की सुबह उसने दम तोड़ दिया। परिजन शव लेकर गांव आए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
———————————— 
 ट्रेन की चपेट में आकर किशोर की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र के ग्राम हाशिमपुर भेदपुर के समीप खेत से घर वापस लौट रहे 17 वर्षीय किशोर रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार हाशिमपुर भेदपुर गांव निवासी वासुदेव का पुत्र ईश्वर खेत की ओर गया था। वापस लौटते समय जब वह रेलवे लाइन पार करने लगा तभी ट्रेन की चपेट में आ गया जिससे उसकी घटनास्थल पर मौत हो गई। घटना की सूचना पाते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
————————————— 
  बाइकों की भिड़ंत में अधेड़ की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– खखरेरू थाना क्षेत्र के ग्राम औढ़ेरा में सोमवार की शाम बाइकों की भिड़ंत में 51 वर्षीय अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां उसकी हालत गंभीर देख परिजनों ने प्रयागराज के लिए रेफर कर दिया। जिसकी रास्ते में मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के हकीमपुर गांव निवासी स्व0 सुलेमान का पुत्र नफीस अहमद सोमवार की शाम बाइक से सामान लेने जा रहे थे तभी औढ़ेरा गांव के पास सामने से आ रही बाइक से भिड़ंत हो गई जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। परिजन उसे लेकर सदर अस्पताल पहुंचे जहां हालत गंभीर होने पर परिजनों ने प्रयागराज के लिए रेफर करा दिया। घर वाले उसे इलाज के लिए प्रयागराज ले जा रहे थे तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। ,
———————————— 
 सड़क हादसों में दो किशोर समेत चार घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के अंतर्गत हुए सड़क हादसों के दौरान दो किशोर समेत चार लोग घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार खागा कोतवाली के संग्रामपुर सानी निवासी राजेश का पुत्र दुर्गेश ई-रिक्शा चालक है। सुबह वह प्याज लोड कर अपने छोटे भाई कृष्णा के साथ जा रहा था। जैसे ही वह संवत के समीप नहर पुलिया के पास पहुंचा तभी पीछे से आ रहे चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दिया जिससे ई-रिक्शा पलट जाने से कृष्णा घायल हो गया। इसी प्रकार सदर कोतवाली क्षेत्र के काशीराम कालोनी निवासी पिन्टू का 15 वर्षीय पुत्र दीपांशु बाइक लेकर पेट्रोल डलवाने गया था। जब वह तांबेश्वरनगर स्थित मंडप मैरिज हाल के समीप पहुंचा तभी सामने से आ रहे बाइक सवार शिवकरन पुत्र वीर बहादुर 42 वर्ष निवासी राधानगर से टक्कर हो गई। जिससे दोनों घायल हो गए। इसी तरह औंग थाना क्षेत्र के शिवराजपुर गांव निवासी शिवशरन का 57 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार बाइक से सामान लेने जा रहा था तभी औंग थाना क्षेत्र के मानिकपुर के समीप अनियंत्रित होकर बाइक गिर जाने से घायल हो गया। उधर मलवां थाना क्षेत्र के चितौरा गांव निवासी गोवर्धन का 22 वर्षीय पुत्र छोटू बाइक लेकर मलवां की ओर आ रहा था तभी गांव के बाहर अचानक अनियंत्रित होकर बाइक गिर जाने से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची सरकारी एंबुलेंस ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *