ओवरलोड स्लीपर बसों के खिलाफ व्यापक अभियान शुरू
दीपक धुरिया अजरा न्यूज जालौन – उप परिवहन आयुक्त झाँसी परिक्षेत्र के० डी० सिंह गौर के सख्त निर्देशों के बाद 02 दिसंबर 2025 की रात्रि से लम्बी दूरी की स्लीपर बसों में अनुमन्य क्षमता से अधिक सवारियाँ ढोने वालों के खिलाफ व्यापक प्रवर्तन अभियान शुरू किया गया। उप परिवहन आयुक्त ने बताया कि झाँसी परिक्षेत्र के जनपदों में भ्रमण के दौरान लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि झाँसी, उरई, बाँदा, हमीरपुर और महोबा से कोटा, सूरत, अहमदाबाद और दिल्ली जाने वाली स्लीपर बसें निर्धारित सीट क्षमता से लगभग दोगुनी सवारियाँ ले जा रही हैं। प्राप्त फीडबैक के आधार पर पूरे परिक्षेत्र में सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए, जिसके तहत बीती रात झाँसी, उरई, बाँदा, महोबा सहित विभिन्न स्थानों पर कुल 22 बसों का चालान किया गया। उप परिवहन आयुक्त के० डी० सिंह गौर ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान औचक रूप से निरंतर चलेगा और इसका पर्यवेक्षण वे स्वयं सड़कों पर उतरकर करेंगे।

