तमंचा-कारतूस के साथ शातिर गिरफ्तार,अन्य लघु खबरों के साथ

      तमंचा-कारतूस के साथ शातिर गिरफ्तार
मो. ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। हुसैनगंज थाना पुलिस ने एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से अवैध तमंचा, एक जिन्दा कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कार्रवाई कर न्यायालय भेज दिया।
हुसैनगंज थाना पुलिस ने शातिर अभियुक्त अख्तर पुत्र स्व0 नूर मोहम्मद निवासी ग्राम मातिनपुर थाना हुसैनगंज को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा, एक अवैध 315 बोर जिन्दा कारतूस तथा अभियुक्त की निशादेही पर अभियुक्त के घर के अन्दर बने टीनशेड से एक अवैध 315 बोर तमंचा बरामद किया। गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर थाना स्थानीय पर मु0अ0सं0 253/2025 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट एक्ट पंजीकृत कर न्यायालय भेजा गया। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक बृजेन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक सत्येन्द्र कुमार के अलावा आरक्षी दिनेश गौतम शामिल रहे।
———————
 एआरटीओ ने पकड़ा ओवरलोड पिकअप लोडर
– कानूनी कार्रवाई कर पुलिस के किया सुपुर्द
बिंदकी, फतेहपुर। नमकीन लादकर कानपुर से बांदा जा रही ओवरलोड पिकअप लोडर को एआरटीओ ने पकड़ लिया। एआरटीओ ने कानूनी कार्रवाई करके कोतवाली बिंदकी पुलिस को सौंप दिया। इस मामले को लेकर ओवरलोड गाड़ी चालकों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार नगर के ललौली चौराहे के समीप बुधवार की सुबह लगभग पांच बजे एआरटीओ ने नमकीन लादकर कानपुर से बांदा की ओर जा रहे ओवरलोड पिकअप लोडर को पकड़ लिया। जिसके चलते अन्य ओवरलोड वाहनों के चालकों में हड़कंप मच गया। एआरटीओ ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई करके नमकीन लदे ओवरलोड पिकअप लोडर को बिंदकी कोतवाली पुलिस को सौंप दिया। बिंदकी कोतवाली पुलिस ने भी कानूनी कार्रवाई किया। बताया जाता है कि एआरटीओ द्वारा लगातार ओवरलोड, ओवर हाइट वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। ऐसी गाड़ियों को सीज कर उन पर जुर्माना किया जा रहा है। जिस गाड़ी मालिकों तथा गाड़ी चालकों पर हड़कंप मचा हुआ है।
———————-
सड़क हादसे में बाइक सवार छात्र की मौत
विजयीपुर, फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के गुरुवल बिकौरा गांव के मजरे नेवाजपुर गांव के अमित कुमार निषाद (18) पुत्र केशनपाल निषाद की सड़क हादसे में मौत हो गई। पुलिस ने शव को बरामद कर पंचनामा पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जानकारी के अनुसार अमित कुमार 11 वीं का छात्र था। अपनी माता के साथ बाइक में रिश्तेदारी जा रहा था। तभी तेज रफ्तार असोथर थाना क्षेत्र के मनावा गांव गांव समीप अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार मां बेटे को टक्कर मार दी। जिससे दोनों गंभीर घायल हो गए आसपास मौजूद लोगों ने घटनास्थल पहुंचकर पुलिस को सूचना दी घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। जहां रास्ते में अमित ने दम तोड़ दिया। वही घायल महिला रूपवती को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। हादसे के बाद मृतक के परिवारीजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
—- ———————–
स्कूली बच्चों को बचाने में बाइक अनियंत्रित, युवक की मौत
असोथर, फतेहपुर। थाना क्षेत्र के मनावा गांव के पास बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। स्कूली बच्चों को बचाने के चक्कर में तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल एंबुलेंस की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र असोथर लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार किशनपुर थाना क्षेत्र के नेवाजपुर मजरे गुरुवल निवासी कृष्णपाल का 18 वर्षीय पुत्र अमित बुधवार की सुबह अपने घर से निकला था। वह अपनी बहन के घर गाजीपुर जा रहा था। रास्ते में जब वह मनावा गांव के पास पहुंचा तो सड़क पर स्कूली बच्चे साइकिलों से गुजर रहे थे। बच्चों को बचाने के प्रयास में उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में अमित को गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और तत्काल एंबुलेंस बुलाकर युवक को पीएचसी असोथर भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी अभिलाष तिवारी ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन गमगीन परिजनों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने से इंकार कर दिया और उसे घर ले गए। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पीएचसी प्रभारी नीरज गुप्ता ने बताया कि एंबुलेंस से घायल अवस्था में एक युवक को लाया गया था, लेकिन जांच करने पर उसकी मृत्यु हो चुकी थी। इसकी जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी अभिलाष तिवारी ने बताया कि डॉक्टरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को अवगत कराया गया। पोस्टमार्टम की सलाह दी गई थी, लेकिन परिजनों ने शव घर ले जाने की बात कही और उसे लेकर चले गए।
——- —————–
बाइक अनियंत्रित होकर खंभे से टकराई, किसान की मौत
फतेहपुर। तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक सड़क के नीचे खंती में गड़े रिलायंस के खंभे से टकरा गई, जिससे बाइक में पीछे बैठे किसान का सिर खंभे से टकरा गया। सिर के चोट लगने से किसान की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ललौली थाना क्षेत्र के बनरसी गांव निवासी शेरा सिंह अपनी बाइक से शाह कस्बे जा रहा था। तभी गांव किनारे मिले किसान लवकुश सिंह (48) पुत्र वीर सिंह मिल गया। लवकुश सिंह भी शाह कस्बे जाने के लिए शेरा सिंह की बाइक में बैठ गया जैसे ही बाइक गोपालपुर गांव के समीप पहुंची तो अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे चली गई और खंती में गड़े रिलायंस के खंभे में जा टकराई। जिससे पीछे बैठे किसान लवकुश सिंह का सिर खंभे से टकरा गया। गंभीर चोट आने से उसकी मौके पर मौत हो गई। वहीं बाइक सवार शेरा सिंह भी घायल हो गया। पति की मौत से पत्नी केशकली का रो-रोकर हाल बेहाल है। मृतक के तीन पुत्र गोविंद सिंह, विकास सिंह, धीरेन्द्र सिंह और पुत्री शिवानी है। वहीं घटना के बाद घायल बाइक सवार शेरा सिंह बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद कार्यवाही की जाएगी।
——– —————–
मिट्टी का टीला धंसने से बहू की मौत, सास घायल
– मिट्टी खोदते समय हुआ हादसा, परिजनों में मचा कोहराम
फतेहपुर। घरेलू काम के लिए चिकनी मिट्टी खोद रही सास बहू टीला धंसने से दब गई। जिसमें बहू की मौके पर मौत हो गई और सास गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ग्रामीणों की मदद से घायल सास को एंबुलेंस से सदर अस्पताल भिजवाया है और बहू के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ललौली थाना क्षेत्र के कोंडार के लोहरगढ़वा गांव निवासी भगवान दीन की पत्नी ननकीवा (52) अपनी बहू रामप्यारी (24) और बेटी अनुसुइया (17) के साथ बुधवार सुबह साथ बजे घरेलू कामों के लिए गांव किनारे चिकनी मिट्टी (पोतनी मिट्टी) खोदने गई थी। कुछ मिट्टी खोदकर बेटी अनुसुइया से घर भेज दिया था और मिट्टी खोदने समय करीब 10 फीट ऊंचाई का टीला धंसकर सास बहू के ऊपर गिर गया। जिससे दोनो मिट्टी के ढेर में दब गई। जब घर से बेटी अनुसुइया पहुंची तो दोनों को मिट्टी के ढेर में दबा देखकर शोर मचाया। आनन फानन ग्रामीणों ने फावड़े से मिट्टी हटाकर दोनों को बाहर निकाला। तब तक बहू रामप्यारी की मौत हो चुकी थी। वहीं सास ननकीवा का पैर टूट गया और गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतका रामप्यारी के सिर और चेहरे में गंभीर चोटें आने से मौत का कारण बनी। मृतका के एक बेटी अर्पिता (01) है। मृतका का पति दिलीप निषाद मुंबई में रहकर मजदूरी करता है। मृतका का मायका सेमरई के मजरे पोतनाही डोली गांव है। मौत की सूचना पर मौके पर पहुंचे मायके से पिता रामशरण निषाद, मां देवरती, बहने खुशबू, लक्ष्मी भाई सभाजीत, जगदीश का रो-रोकर हाल बेहाल है। थाना प्रभारी शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि मिट्टी खोदते समय टीला धंसने से सास बहू दब गई थी जिसमें बहू की मौत हो गई है और सास घायल है।
——– ——————–
 संदिग्ध अवस्था में महिला की मौत, पिता ने लगाया आरोप
फतेहपुर। राधानगर थाना क्षेत्र के ग्राम मदनपुर में मंगलवार की शाम संदिग्ध अवस्था में 35 वर्षीय महिला की मौत हो गयी। वहीं मृतका के पिता ने दामाद पर मारने पीटने का लगाया आरोप।
जानकारी के अनुसार मदनपुर गांव निवासी श्याम बाबू पासवान की पत्नी सुनीला की मंगलवार की दोपहर अचानक तबियत खराब हो गयी और कुछ देर बाद उसकी मौत हो गयी। इसकी सूचना किसी ने पुलिस को दी। मौके में पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में मृतका का पति श्याम बाबू पासवान ने बताया कि कल दोपहर खेत में चारा काटने गयी। कुछ देर बाद वापस आ गयी उसने बताया कि पत्नी को बहुत तेज बुखार था जिसे गांव के ही डाक्टर द्वारा दो इंजेक्शन लगाये करीब 2 घन्टे बाद उसकी मौत हो गयी। वहीं मृतका के पिता बराती लाल निवासी सरदारपुर थाना बिन्दकी ने दामाद पर आरोप लगाया है कि उसकी पुत्री को शराब के नशे में मारा पीटा करता था। कई बार उसकी पुत्री ने इसकी शिकायत भी मुझसे की थी वहीं पुलिस की कहना है कि पोस्ट मार्टम रिर्पाेट के बाद ही मौत का कारण ज्ञात हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *