हक की बात’ में बेटियों की बुलंद आवाज, डीएम ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश

 हक की बात’ में बेटियों की बुलंद आवाज, डीएम ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश
मिशन शक्ति 5.0 के तहत नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को मिला सशक्त मंच
दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन उरई (जालौन)– नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति 5.0 (चरण-2) के तहत विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में “हक की बात जिलाधिकारी के साथ” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार ने छात्राओं, महिलाओं और स्वयं सहायता समूह की सदस्यों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए मौके पर ही निर्देश दिए।
कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय मडोरा की कक्षा 7 की छात्रा प्रतीक्षा ने विद्यालय में डॉक्टर की अनुपलब्धता का मुद्दा उठाया, जिस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं पल्लवी (कक्षा 7) और अर्चना (कक्षा 8) ने भी अपने विचार और समस्याएं साझा कीं।


राजकीय इंटर कॉलेज की एक छात्रा ने बारिश के दौरान विद्यालय परिसर में जलभराव की समस्या उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने गंभीरता दिखाते हुए रेन वाटर हार्वेस्टिंग और ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आगामी बारिश में परेशानी न हो।
कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूह की सदस्य रजनी खरे ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि समूह से जुड़कर उन्होंने झोला, झंडा आदि निर्माण कार्य शुरू किया और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनीं। वहीं ग्राम अमगोहा की अनिता यादव ने हैंडपंप पर कुछ लोगों के कब्जे की समस्या उठाई, जिस पर डीएम ने संबंधित विभाग को प्राथमिकता के आधार पर हैंडपंप को मुक्त कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मिशन शक्ति के तहत ऐसे संवाद कार्यक्रम महिलाओं और बालिकाओं को अपनी बात रखने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे हर महिला और बालिका को सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण मिल सके।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, डीआईओएस राजकुमार पंडित, बीएसए चंद्रप्रकाश सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *