आउटसोर्सिंग कर्मियों की वेतन बढ़ोत्तरी लागू करने की सीएम से मांग
कासिम मुश्ताक अज़रा न्यूज फतेहपुर– नगर पालिका परिषद में कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की वेतन बढ़ोत्तरी को लेकर एक बार फिर आवाज उठाई गई है। इस संबंध में पूर्व सभासद धीरज कुमार द्वारा मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर वेतन बढ़ोतरी का शासनादेश शीघ्र लागू किए जाने की मांग की गई है।
ज्ञापन में बताया गया कि नगर पालिका परिषद में कार्यरत सफाई कर्मी एवं अन्य आउटसोर्सिंग कर्मचारी कई वर्षों से पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ अपनी सेवाएं दे रहे हैं। विशेष रूप से कोविड-19 महामारी और कुंभ जैसे बड़े आयोजनों के दौरान इन कर्मचारियों ने सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम किया। धीरज कुमार ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि जनवरी 2025 में कुंभ मेले के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा इन कर्मचारियों के वेतन बढ़ोत्तरी की घोषणा की गई थी, जिससे कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई थी। हालांकि, डेढ़ वर्ष बीत जाने के बाद भी इस संबंध में कोई शासनादेश जारी नहीं किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि अन्य विभागों में वेतन बढ़ोत्तरी के आदेश लागू किए जा चुके हैं, जबकि नगर पालिका के आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को इससे वंचित रखा गया है, जिससे उनमें असंतोष व्याप्त है। कर्मचारियों का कहना है कि वे अपने आप को उपेक्षित और ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से मांग की गई है कि नगर पालिका परिषद फतेहपुर में कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के वेतन बढ़ोतरी का शासनादेश शीघ्र जारी कर उन्हें राहत प्रदान की जाए।
आउटसोर्सिंग कर्मियों की वेतन बढ़ोत्तरी लागू करने की सीएम से मांग
