बंधी की जमीन पर चला विभाग का डंडा,अंतिम नोटिस से मचा हड़कंप

      बंधी की जमीन पर चला विभाग का डंडा, अंतिम नोटिस से मचा हड़कंप

संदीप धुरिया अजरा न्यूज़ हमीरपुर। सुमेरपुर कस्बे में बंधी की भूमि पर अवैध निर्माण को लेकर सिंचाई विभाग की कार्रवाई तेज हो गई है। विभाग द्वारा जारी अंतिम नोटिस के बाद कब्जाधारकों में बेचैनी साफ देखी जा रही है। नोटिस में कथित रूप से अतिक्रमित जमीन का पूरा विवरण दर्ज है, जिससे मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
विभागीय सूत्रों के मुताबिक 2048 वर्ग फुट भूमि पर निर्मित ‘इंडियन उर्फ इंडिया लॉज’ समेत अन्य निर्माण सिंचाई विभाग की जमीन पर बताए गए हैं। इसको लेकर पहले भी न्यायालय से ध्वस्तीकरण के आदेश जारी हुए थे, लेकिन चार वर्षों से उन आदेशों का पालन न होने पर हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। सुनवाई के दौरान न्यायालय ने सिंचाई विभाग और जिला प्रशासन से पूछा है कि अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई। इस संबंध में लिखित जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए गए हैं। अगली सुनवाई 27 फरवरी को तय है।
सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी
नोटिस के बाद बंधी की जमीन पर काबिज लोगों ने आपसी बैठक कर कानूनी विकल्पों पर मंथन शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि वरिष्ठ अधिवक्ताओं से सलाह लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल करने की तैयारी की जा रही है।
बस स्टॉप से रेलवे स्टेशन तक फैली है बंधी
जानकारी के अनुसार सिंचाई विभाग महोबा की बंधी संख्या दो कस्बे के बस स्टॉप से रेलवे स्टेशन के आगे तक फैली हुई है। आरोप है कि समय के साथ बंधी को क्षतिग्रस्त कर उस पर मकान, दुकानें और बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठान खड़े कर दिए गए।
फिलहाल अंतिम नोटिस के बाद प्रशासन की अगली कार्रवाई और अदालत के निर्णय पर पूरे क्षेत्र की नजरें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *