डायमंड फुटबाल क्लब ने चैंपियंस फुटबॉल क्लब को 4-0 से हराया

    डायमंड फुटबाल क्लब ने चैंपियंस फुटबॉल क्लब को 4-0  से हराया
अतिथियों ने विजेता टीम को सौंपी ट्राफी
फोटो परिचय-  बालिका वर्ग की विजेता टीम को ट्राफी देकर सम्मानित करते अतिथि।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। मानव सेवा संस्थान एवं फीफा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित जनपद स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ लोकप्रिय सभासदों क्रमशः विनय तिवारी एवं सादाब अहमद ने किया। यह प्रतियोगिता जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित की गई है।
फुटबॉल टूर्नामेंट में कुल 08 फुटबॉल टीमें भाग ले रही है। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना और उत्कृष्ट तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया। फ़ुटबॉल मुकाबला दर्शकों के लिए रोमांचक रहा और खेल मैदान तालियों व उत्साह से गूंजता रहा। आज खेले गए बालिकाओं के प्रारंभिक मुकाबले में डायमंड फुटबॉल क्लब और चौंपियंस फुटबॉल क्लब के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए डायमंड फुटबॉल क्लब ने 4-0 गोल से जीत दर्ज कर बालिका वर्ग की विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। उपविजेता टीम चैंपियंस फुटबॉल क्लब के खिलाड़ियों ने भी अंतिम क्षण तक संघर्ष करते हुए प्रशंसनीय प्रदर्शन किया। टूर्नामेंट समारोह के उदघाटन अवसर पर मुख्य अतिथि सभासद विनय तिवारी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक, मानसिक एवं नैतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और ऐसे आयोजनों से जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। विशिष्ट अतिथि सादाब अहमद ने सभी खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि इस प्रकार के फुटबॉल टूर्नामेंट न केवल युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करते हैं, बल्कि उनमें टीम वर्क, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित करते हैं। बालिका वर्ग की विजई टीमों को सामाजिक कार्यकर्ता धीरज कुमार, एडवोकेट मो0 आसिफ एवं अरबपुर सभासद मो. इस्माइल ने ट्रॉफी, स्मृति चिन्ह और पुरस्कार प्रदान किए। टूर्नामेंट में प्रदीप कुमार पांडेय, वसीम खान, सुरेश श्रीवास्तव खेल शिक्षक-पूजा गुप्ता, सहित कई अन्य गणमान्य अतिथि, खेलप्रेमी, कोच अंसार अहमद एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे भविष्य में और बड़े स्तर पर आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया। मानव सेवा संस्थान की ओर से जय प्रकाश त्रिवेदी ने सभी प्रतिभागी टीमों, अतिथियों, अधिकारियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *