गेहूं खरीद के पहले दिन दिखी अव्यवस्थाएं,अन्य लघु खबरों के साथ
गेहूं खरीद के पहले दिन दिखी अव्यवस्थाएं,अन्य लघु खबरों के साथ
गेहूं खरीद के पहले दिन दिखी अव्यवस्थाएं
गुगल से लिया गया चित्र – मंडी समिति के क्रय केन्द्र पर संचालित नहीं मिले कांटे एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ असोथर, फतेहपुर– सोमवार से शुरू हुई सरकारी गेहूं खरीद के पहले ही दिन अव्यवस्थाओं का आलम देखने को मिला। नगर पंचायत असोथर मंडी समिति स्थित क्रय केंद्र पर न तो कांटे पूरी तरह संचालित मिले और न ही बोरे उपलब्ध थे, जिससे एक भी किसान का गेहूं नहीं खरीदा जा सका। मंडी स्थित क्रय केंद्र पर दो कांटे (फर्स्ट व सेकंड) लगाए गए हैं। फर्स्ट कांटे पर केंद्र प्रभारी शेखर मौर्य और सेकंड कांटे पर रवि गौतम की तैनाती है, लेकिन इसके बावजूद खरीद व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतरी रही। केंद्र पर केवल बैनर लगे दिखाई दिए, जबकि जमीनी स्तर पर व्यवस्थाएं नदारद रहीं।
सोमवार को किसान शिवशंकर, घनश्याम, कामता, नरेश, मनोज व संदीप सहित कई किसान गेहूं बेचने के लिए केंद्र पहुंचे, लेकिन खरीद शुरू न होने के कारण उन्हें बिना गेहूं बेचे ही वापस लौटना पड़ा। किसानों ने बताया कि केंद्र पर न तो बोरे उपलब्ध थे और न ही तौल की कोई समुचित व्यवस्था दिखाई दी। साथ ही, कई किसानों का कहना था कि मौके पर कोई जिम्मेदार अधिकारी भी मौजूद नहीं मिला। वहीं केंद्र प्रभारी शेखर मौर्य ने दूरभाष से बातचीत बताया कि पहले दिन कोई खरीद नहीं हो सकी है। किसानों का आरोप है कि हर साल की तरह इस बार भी शुरुआत अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ गई, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान और परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
………………………………………………………………………..
एसवीएम में वार्षिक परीक्षाफल वितरित, बच्चों के खिले चेहरे फोटो परिचय- मेधावी बच्चों को परीक्षाफल के साथ उपहार देकर सम्मानित करते अतिथि। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– स्थानीय सरस्वती विद्या मंदिर में सोमवार को वार्षिक परीक्षाफल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्री-प्राइमरी व प्राइमरी वर्ग की गृह परीक्षा में कुल 1717 छात्र-छात्राओं (प्री-प्राइमरी 924, प्राइमरी 793) को उनके वर्षभर के कठिन परिश्रम का परिणाम प्रदान किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलन, वंदना एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ।
समारोह में राजकीय विद्यालय के प्रधानाचार्य रमाकांत गुप्ता, आरएसएस (घुमंतू प्रमुख) व कमेटी सदस्य संतलाल, विद्यालय के प्रबंधक राकेश श्रीवास्तव एवं कोषाध्यक्ष अजय कुमार मिश्र, सर्व व्यवस्था प्रमुख राजनारायण एवं अंग्रेजी माध्यम व्यवस्था प्रमुख भावना, हिंदी माध्यम व्यवस्था प्रमुख सुशील एवं अन्य सभी आचार्य बन्धु उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह ने सभी आगंतुकों का स्वागत किया। परीक्षाफल वितरण की शुरुआत हिंदी माध्यम के छात्र-छात्राओं से की गई। हिंदी माध्यम (प्राइमरी) में संस्कृति शुक्ला ने 96.25 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। प्री-प्राइमरी में यशस्वी कैथल ने 99.36 प्रतिशत अंक, अंग्रेजी माध्यम के प्राइमरी वर्ग में पर्व शुक्ला और प्रांजल पाल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। राजकीय विद्यालय के प्रधानाचार्य रमाकांत गुप्ता ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षाफल केवल अंकों का दस्तावेज नहीं, बल्कि निरंतर सीखने की प्रक्रिया का एक पड़ाव है। प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह ने बच्चों की लगन की सराहना की और इस सफलता का श्रेय अभिभावकों के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। अंत में सभी सफल छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया और आगामी सत्र के लिए शुभकामनाओं के साथ सभा का समापन हुआ। ………………………………………………………………..
संविधान व मतदान विषय पर हुई पोस्टर प्रतियोगिता – दिव्यांशी बाजपेई व पूनम देवी ने हासिल किया प्रथम स्थान एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ राजेश कुमार यादव की अध्यक्षता में राजनीति विज्ञान विभाग प्रभारी प्रो. शकुन्तला एवं प्रो. लक्ष्मीना भारती प्रोफ़ेसर, राजनीति विज्ञान विभाग एवं मिशन शक्ति के संयुक्त तत्वावधान में महिला सशक्तिकरण व राजनीति विज्ञान विभाग ने संविधान एवं मतदान विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन करवाया।
हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान की टैगलाइन के अंतर्गत छात्राओं ने संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पोस्टर बनाये और ये संदेश दिया कि संवैधानिक मार्ग के अनुकरण द्वारा ही हम विकास तक पहुँच सकते हैं। मेरा वोट मेरा अधिकार पर भी छात्राओ ने पोस्टर बना कर लोकतन्त्र को और अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया। देश की आधी आबादी को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से छात्राओं ने महिला सशक्तिकरण पर भी पोस्टर बनाए और संदेश दिया कि समाज की कुरीतियों के बीच भी हम सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर कैसे आगे बढ़ सकते हैं। प्राचार्य डॉ राजेश कुमार यादव ने अपने उदबोधन में कहा कि छात्राओं को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरुक होकर सशक्त बनना चाहिए जो समय की आवश्यकता है। इस प्रकार के कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्राओं के व्यक्तित्व के निर्माण के साथ-साथ उन तक जन जागरुकता भी फैलाना है ,जिससे वे अपने भविष्य का निर्माण कर सकें। महिला सशक्तिकरण पर पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर दिव्यांशी बाजपेई द्वितीय स्थान पर साक्षी गुप्ता, तृतीय स्थान पर वैदेही सविता रहीं। वहीं मेरा वोट मेरा अधिकार विषय पर आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर पूनम देवी द्वितीय स्थान पर शिवानी वर्मा तथा तृतीय स्थान पर वैशाली रहीं। इस अवसर पर समस्त महाविद्यालय परिवार ने उपस्थित रहकर अपनी सहभागिता के माध्यम से कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। ………………………………………………………………… उद्योग बंधु समिति की बैठक दो को एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र के उपायुक्त उद्योग ने बताया कि उद्यमियों की समस्याओं के समाधान हेतु चालू माह की जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति की मासिक बैठक आगामी दो अप्रैल को तीन बजे अपराह्न कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित होगी। ………………………………………………………………… फांसी लगा युवक ने दी जान एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– सदर कोतवाली क्षेत्र के उनवा अधारपुर में निर्माणाधीन मकान में रविवार की शाम 25 वर्षीय युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। जानकारी के अनुसार हुसैनगंज थाना क्षेत्र हसउपुर गांव निवासी भीखम सिंह का पुत्र अंकित उर्फ धनराज ने रविवार की शाम लगभग साढ़े पांच बजे उनवा अधारपुर में निर्माणाधीन मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके में पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। ——————————————-
वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, पत्नी घायल एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– खागा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हरदो सीएचसी के समीप रविवार की देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से 45 वर्षीय बाइक सवार की मौके पर मौत हो गयी। वहीं उसकी पत्नी चोटहिल हो गयी। जिसका हरदों सीएचसी में इलाज के बाद घर वापस भेज दिया।
जानकारी के अनुसार सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के रतनसेनपुर गौंती गांव निवासी राम विशाल का 45 वर्षीय पुत्र फूलकुमार अपनी पत्नी के साथ बाइक से बहन के घर से वापस आ रहा था। जैसे ही वह हरदो सीएचसी के पास पहुंचा तभी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दिया। जिससे मौके पर ही फूलकुमार की मौत हो गयी। वहीं उसकी पत्नी घायल हो गयी सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। वहीं पत्नी का इलाज कराने के बाद घर वापस भेज दिया। ———————————— ट्रेन से कटकर युवक ने दी जान एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– थरियांव थाना क्षेत्र के खागा बार्डर सतनरैनी रेलवे स्टेशन के समीप बीमारी से तंग 50 वर्षीय अधेड़ ने ट्रेन के आगे कूद कर आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार थरियांव थाना क्षेत्र के इमादपुर गांव निवासी केदारनाथ का पुत्र नैनसिंह कैंसर से पीडित था काफी इलाज कराया गया। लेकिन कोई फायदा न मिला। जिसके चलते उसने सतनरैनी के स्टेशन के समीप ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। ————————————
अलग-अलग सड़क हादसों में चार घायल एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के अर्न्तगत हुये सड़क हादसों के दौरान लगभग आधा दर्जन लोग घायल हो गये। जिन्हे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार हथगाम थाना क्षेत्र के इदातपुर धामी गांव निवासी स्व0 देवी दयाल का 75 वर्षीय पुत्र फूलसिंह घर के समीप पैदल आ रहा था। तभी बाइक सवार ने टक्कर मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी प्रकार असोथर थाना क्षेत्र के बेर्राव गांव निवासी सुमेर सिंह का 33 वर्षीय पुत्र लखन सिंह बाइक से सामान लेने जा रहा था। तभी कुशुम्भी के समीप अचानक सड़क पार कर रहे कुत्ते से बाइक टकरा जाने से गिर कर घायल हो गया। इसी तरह किशनपुर थाना क्षेत्र के विजयीपुर निवासी रक्षपाल का 52 वर्षीय पुत्र अरूण कुमार अपने मित्र राहुल त्रिपाठी पुत्र अश्विनी निवासी मटिहा असोथर के साथ बाइक से विजयीपुर गांव वापस जा रहे थे। जैसे ही यह लोग मटिहा नहर पुलिया के आगे पहुंचे तभी अचानक जानवर से टकराकर बाइक गिर गयी। जिससे दोनों घायल हो गये। सूचना पाकर मौके में पहुंची सरकारी एम्बुलेंस ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।