यातायात जागरूकता कार्यक्रम के तहत शहीद भगत सिंह चौराहे पर हेलमेट वितरण

    यातायात जागरूकता कार्यक्रम के तहत शहीद भगत सिंह चौराहे पर हेलमेट वितरण
दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन उरई–  दिनांक 25 मार्च 2026 को कालपी रोड स्थित जीवन ज्योति चंद्र कमल अकादमी द्वारा यातायात विभाग के सहयोग से शहीद भगत सिंह चौराहे पर विशेष यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना, बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना एवं हेलमेट के महत्व को समझाना रहा।
इस दौरान सीओ यातायात राजीव कुमार शर्मा एवं प्रभारी यातायात वीर बहादुर सिंह अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। अधिकारियों ने लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया और दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने की अनिवार्यता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही जागरूकता पम्पलेट भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान कुल 50 हेलमेट वितरित किए गए। अधिकारियों एवं विद्यालय परिवार ने संयुक्त रूप से संदेश दिया कि हेलमेट केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का सबसे महत्वपूर्ण साधन है।
यातायात प्रभारी ने बताया कि यह तीन दिवसीय अभियान का हिस्सा है, जिसके अंतर्गत आगे भी हेलमेट वितरण और जागरूकता कार्यक्रम जारी रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा सके।
पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में चल रहे प्रभावी प्रयासों के चलते जनपद जालौन में सड़क दुर्घटनाओं में लगातार कमी आई है, जिससे जनपद प्रदेश में द्वितीय स्थान पर बना हुआ है।
विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर अनुभव निरंजन ने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। इस तरह के कार्यक्रम समाज को सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *