महिला की हत्या में आठ लोगों पर मुकदमा दर्ज, अन्य लघु खबरों के साथ

   महिला की हत्या में आठ लोगों पर मुकदमा दर्ज
चार वर्ष पहले मृतका की हुई थी शादी
फोटो परिचय-  मृतका की फाइल फोटो।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ बिंदकी, फतेहपुर। महिला की हत्या का आरोप लगाते हुए मृतका के भाई ने पति ससुर देवर सहित कुल आठ लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने पूरे मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
बिंदकी कस्बे के निकट फरीदपुर गांव की महिला ज्योति देवी 22 वर्ष पत्नी विनय कुमार की हत्या का आरोप मृतका के भाई अनिल कुमार निवासी ग्राम दंदवा महमूदपुर थाना कल्यापुर ने लगाया। भाई अनिल कुमार की तहरीर पर पुलिस ने सोमवार की सुबह मृतका के पति विनय कुमार, ससुर छेद्दी, चचिया ससुर सुल्तान, मलखान, नंदोई शत्रुघ्न, संतोष, देवर नितेश एवं एक अज्ञात कुल आठ लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। बताते चलें कि मृतका ज्योति देवी की शादी चार वर्ष पहले वर्ष 2022 में हुई थी। मृतका की एक डेढ़ वर्ष की पुत्री सौम्या देवी है। पुलिस में दर्ज कराए मुकदमे में मृतका के भाई अनिल कुमार ने कहा कि रविवार की देर शाम को उनको जानकारी मिली कि उनकी बहन ज्योति देवी की मौत हो गई है। जब वह लोग फरीदपुर गांव पहुंचे तो देखा कि उनकी बहन मृत अवस्था में पड़ी हुई थी। गले में रस्सी का निशान था। अनिल का आरोप है कि बहन ज्योति देवी के ससुराल के लोगों ने दहेज के खातिर उसकी बहन को फांसी के फंदे में लटकार कर मार डाला। इस मामले में पुलिस ने रविवार व सोमवार की मध्य रात को मृतका ज्योति देवी के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
———————————— 
उद्योग बंधु समिति की बैठक छह को
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर— जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र के उपायुक्त उद्योग ने बताया कि उद्यमियों की समस्याओं के समाधान हेतु जनवरी माह की जिला स्तरीय उद्योग बन्धु समिति की मासिक बैठक 06 फरवरी को अपराह्न तीन बजे कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित होगी। उन्होने उद्यमियों से बैठक में उपस्थित होने का आहवान किया।
——————————– 
सर्व समाज विकास समिति ने डिप्टी सीएम को सौंपा ज्ञापन
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ बिंदकी, फतेहपुर। एक दिवसीय भ्रमण पर आए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक को सर्व समाज विकास समिति के प्रबन्धक धर्मेन्द्र मिश्र, सचिव अनुराग मिश्र, लेखा निरीक्षक सात्विक शुक्ला के प्रतिनिधि मण्डल ने राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय बिंदकी, मध्य बाजार नजाही कस्बा बिन्दकी स्थित पक्का तालाब के सुन्दरीकरण की समस्या से अवगत कराते हुए ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय बिन्दकी को वर्तमान समय में किराये की बिल्डिंग पर एक छोटे से कमरे में संचालित होने जिसकी जानकारी आम जनता को न होने से समुचित लाभ नही मिल पाने की समस्या से अवगत कराया और राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय बिन्दकी जिला फतेहपुर का स्थायी स्थानान्तरण सामु० स्वास्थ्य केन्द्र बिन्दकी में कराने व मध्य बाजार नजाही कस्बा बिन्दकी स्थित पक्का तालाब के सुन्दरीकरण की माँग की।
——————————— 
 जानलेवा हमला किए जाने की दी तहरीर
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। मलवां थाना क्षेत्र के ग्राम अढ़ेना गोपालपुर की रहने वाली मंजू पत्नी विजय ने बताया कि 31 जनवरी की सुबह अपने जानवरो को बांधने के लिए खूंटा गाड़ रहीं थी। उसी समय गांव की ही रहने वाली सोमवती पत्नी सुमेर उसके साथ लड़ाई झगड़ा करने लगी। इसी बीच मौका पाकर सपना पत्नी श्रीराम घर से फावड़ा लाई और सोमवती के हाथ में फावड़ा दे दिया। उसी फावड़े से सोमवती ने उसके ऊपर जानलेवा हमला कर दिया जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आई है। पीड़िता ने प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की।
——————————— 
  गाजीपुर समिति में यूरिया की कालाबाजारी
– किसान बेहाल, जांच हेतु डीएम को सौंपा पत्र
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। गाजीपुर कस्बा स्थित किसान सेवा सहकारी समिति में यूरिया खाद की भारी कालाबाजारी और धांधली का मामला प्रकाश में आया। खाद की किल्लत से जूझ रहे किसानों की समस्या को लेकर किसान यूनियन के न्याय पंचायत अध्यक्ष इरशाद आलम ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र प्रेषित किया है।
शिकायत में आरोप है कि समिति के कर्मचारी और दलाल से मिलीभगत कर खाद की कृत्रिम किल्लत पैदा कर रहे हैं। असली किसान एक बोरी के लिए लाइन में खड़ा है, जबकि दलालों और दबंगों को 10 से 20 बोरी खाद अवैध रूप से दी जा रही है। निर्धारित मूल्य के स्थान पर 280 रुपये प्रति बोरी की दर से अवैध वसूली की जा रही है। यह भी आरोप है कि 30 जनवरी को विरोध करने वाले किसानों के साथ दलालों ने अभद्रता और मारपीट की। यूनियन के नेता ने मांग की है कि गाजीपुर की दोनों सोसायटियों की गोपनीय जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाए, ताकि किसानों का आर्थिक शोषण रुक सके।
——————————– 
वाहन की टक्कर से चाय दुकानदार घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। राधानगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत अंदौली पुलिया स्थित कन्हा गेस्ट हाउस के पास रहने वाले रमेश (60) पुत्र स्वर्गीय रामखेलावन गंभीर रूप से घायल हो गए। रमेश चौधरी गार्डन के समीप चाय की दुकान लगाते हैं। जानकारी के अनुसार रमेश अपने घर से दुकान जा रहे थे। जैसे ही वह 50 नंबर गेट के नीचे पहुंचे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने परिजनों को फोन के माध्यम से सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल रमेश को जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया। जिला अस्पताल में तैनात डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू कर दिया है। जिला अस्पताल पहुंची घायल की बेटी मनीषा ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
——————————– 
   ट्रैक्टर से गिरकर मजदूर घायल, रेफर
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। ललौली थाना क्षेत्र स्थित ईंट भट्ठे से ट्रैक्टर पर ईट लोडकर जा रहे ट्रैक्टर से मजदूर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसको इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के सिधांव गांव निवासी रामलाल का 27 वर्षीय पुत्र पिंटू जो मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता है। रोज की भांति वह ट्रैक्टर पर ईंट लोड कर सप्लाई देने जा रहा था। तभी चलते ट्रैक्टर से वह गिरकर ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आ गया। जिससे उसका हाथ गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की जानकारी उसके परिजनों को हुई तो घायल अवस्था में उसको इलाज लिए बहुआ सीएचसी पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद सरकारी एंबुलेंस से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहीं जिला अस्पताल पहुंचते ही ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर भर्ती कर उसका इलाज कर रहे हैं। घायल के साथ अस्पताल पहुंचे उसके पिता रामलाल ने घटना की जानकारी दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *