हमीरपुर में बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप कुरारा क्षेत्र में बिल जमा कराने के नाम पर लाइनमैन ने लिए पैसे 4 माह बाद भी नहीं हुआ जमा — पीड़ित ने थाने में दी तहरीर
संदीप धुरिया अजरा न्यूज़ हमीरपुर– जनपद के कुरारा क्षेत्र में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। आरोप है कि एक बिजली लाइनमैन ने उपभोक्ता से चार महीने पहले बिजली बिल जमा कराने के नाम पर नगद राशि ले ली, लेकिन आज तक वह राशि विभागीय खाते में जमा नहीं की गई।
पीड़ित उपभोक्ता ने मामले की लिखित शिकायत स्थानीय थाने में देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है। उपभोक्ता का कहना है कि भुगतान करने के बावजूद उसे बकाया बिल का नोटिस मिल रहा है, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान है।
अवर अभियंता पर संरक्षण का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित लाइनमैन को विभागीय संरक्षण प्राप्त है और विद्युत अवर अभियंता दयानन्द यादव के संरक्षण में मनमानी की जा रही है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि बिना रसीद भुगतान लेना और समय पर बिल जमा न करना गंभीर अनियमितता है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि अवर अभियंता द्वारा पूर्व में बिना पूर्व सूचना कई उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए गए थे, जिससे क्षेत्र में रोष व्याप्त हो गया था।
जांच और कार्रवाई की मांग
पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में उपभोक्ताओं के साथ इस प्रकार की घटनाएं न हों।
फिलहाल पुलिस द्वारा शिकायत के आधार पर जांच की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही जा रही है।