ओलों की मार भी न रोक सकी आस्था, सुमेरपुर में रामनवमी पर निकली भव्य

      ओलों की मार भी न रोक सकी आस्था, सुमेरपुर में रामनवमी पर निकली भव्य

संदीप धुरिया अजरा न्यूज़ हमीरपुर -— रामनवमी के पावन अवसर पर सुमेरपुर कस्बे में श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। नयनाभिराम झांकियों से सजी भव्य शोभायात्रा ने पूरे कस्बे को भक्तिमय रंग में रंग दिया।
शोभायात्रा का शुभारंभ सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति और ब्लॉक प्रमुख जयनारायन यादव ने भगवान श्रीराम की आरती उतारकर किया। यात्रा नवीन गल्ला मंडी से शुरू होकर बस स्टॉप, थाना चौराहा, मैथिलीशरण गुप्त मार्ग, कमलेश तिराहा और पैलानी मार्ग होते हुए पुनः बस स्टॉप से श्री गायत्री तपोभूमि प्रांगण पहुंचकर संपन्न हुई।


करीब तीन दर्जन आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया, जिनमें देवी-देवताओं के विभिन्न स्वरूपों का जीवंत प्रदर्शन किया गया। कस्बे के लोगों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया, वहीं बाजार में लगाए गए पंडालों में श्रद्धालुओं को मिष्ठान वितरित किए गए।
शाम करीब 4:45 बजे बस स्टॉप क्षेत्र में अचानक बारिश और ओलावृष्टि शुरू हो गई, जिससे कुछ समय के लिए यात्रा प्रभावित हुई। हालांकि मौसम की बाधा भी श्रद्धालुओं के उत्साह को कम नहीं कर सकी। बारिश थमते ही शोभायात्रा पुनः पूरे जोश के साथ आगे बढ़ी और सकुशल अपने गंतव्य तक पहुंची।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष शकुंतला निषाद, पूर्व विधायक युवराज सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष कुलदीप निषाद, चेयरमैन धीरेंद्र शिवहरे, पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील पाठक, विहिप जिलाध्यक्ष रामदत्त पांडेय सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
समापन के बाद श्री गायत्री तपोभूमि में भजन संध्या का आयोजन किया गया। रामनवमी सेवा समिति ने सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *