परिसर के पास गंदगी, स्वच्छता की खोल रही पोल,अन्य लघु खबरों के साथ

    परिसर के पास गंदगी, स्वच्छता की खोल रही पोल
फोटो परिचय-   सीएचसी हरदों में फैली गंदगी का दृश्य।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर। नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरदो परिसर के पास फैली गंदगी से मरीज और तीमारदार बेहाल हैं। अस्पताल के मुख्य द्वार के समीप कूड़े के ढेर लगे हुए हैं, जिनसे उठती दुर्गंध के कारण लोगों को सांस लेना तक मुश्किल हो रहा है। नालियां जाम पड़ी हैं और गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है।
लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद सफाई व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ है। अस्पताल में रोजाना सैकड़ों मरीज इलाज के लिए आते हैं, लेकिन बाहर का नजारा देखकर ही उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब पानी भराव के कारण कीचड़ और मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता है। मरीजों के परिजनों ने बताया कि अस्पताल परिसर के आसपास नियमित सफाई और कूड़ा उठान की व्यवस्था नहीं है। इससे संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी रहती है। नगरवासियों का आरोप है कि संबंधित अधिकारी स्थिति से अवगत होने के बावजूद अनदेखी कर रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से तत्काल सफाई अभियान चलाने, नालियों की सफाई कराने और नियमित कूड़ा उठान सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि अस्पताल आने वाले मरीजों को स्वच्छ वातावरण मिल सके। दवा कराने आए हेमंत, राजकिशोर, रामतीरथ का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र के आसपास गंदगी बीमारी को दावत दे रहा है। सीएचसी अधीक्षक सरल सोनी ने बताया कि स्टाफ की कमी है जिससे सफाई में दिक्कत है।
————————————– 
 चार मार्च को बंद रहेंगी आबकारी दुकानें
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जिला मजिस्ट्रेट रविन्द्र सिंह ने बताया कि आबकारी अधिनियम 1910 की धारा 59 में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए होली के पर्व पर लोक शान्ति व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से चार मार्च को जिले की समस्त देशी मदिरा, कम्पोजिट दुकानें, मॉडल शॉप, भांग व विकृत स्प्रिट की फुटकर दुकानें एवं देशी मदिरा, विदेशी मदिरा, बियर, भांग व विकृत स्प्रिट के थोक गोदाम तथा एफ०एल०-49, एफ0एल0-7 (रस्त्रों बार) बन्द रहेंगी। इस बन्दी के लिये लाइसेंसधारियों को कोई प्रतिकर देय नहीं होगा।
—————————————- 
  फोर व्हीलर व इलेक्ट्रिक व्हीकल सर्विस असिस्टेंट हेतु कराएं प्रवेश
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य ने बताया कि टाटा टेक्नोलॉजी लिमिटेड के सहयोग से उन्नयन हेतु चयनित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान फतेहपुर एवं राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बिन्दकी में आधुनिक तकनीक से युक्त फोर व्हीलर सर्विस असिस्टेंट एवं इलेक्ट्रिक व्हीकल सर्विस असिस्टेंट में प्रवेश हेतु निर्धारित योग्यता रखने वाले इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किये जाते हैं। उक्त कोर्स को पूर्ण करने के उपरान्त अभ्यर्थियों का उत्कृष्ट अधिष्ठानों में सेवायोजन हेतु प्रयास किया जायेगा।
फोर व्हीलर सर्विस असिस्टेंट के लिए 5 वीं पास एवं चार वर्ष का इलेक्ट्रिक व्हीकल का अनुभव या 8 वीं पास एवं एक वर्ष का इलेक्ट्रिक व्हीकल का अनुभव या 9 वीं पास या ऑटोमोटिव वासर लेवल-2 प्रमाण पत्र एवं दो वर्ष का इलेक्ट्रिक व्हीकल का अनुभव, आयु 18 वर्ष, इलेक्ट्रिक व्हीलर सर्विस असिस्टेंट के लिए 8 वीं पास एवं निरन्तर स्कूली शिक्षा प्राप्त करते हुए या 8 वीं पास एवं 01 वर्ष का इलेक्ट्रिक व्हीकल का अनुभव या 8 वीं पास एवं 2 वर्षीय आईटीआई कोर्स या हाईस्कूल पास या ऑटोमोटिव वासर लेवल-2 प्रमाण पत्र एवं 02 वर्ष का इलेक्ट्रिक व्हीकल का अनुभव, पूर्व आवश्यक लाइसेंस व प्रशिक्षण, लाइसेंस व बेसिक कम्प्यूटर स्किल आयु 18 वर्ष होनी चाहिए। इच्छुक अभ्यर्थी अपने शैक्षिक योग्यता के अंकपत्र व प्रमाण पत्र, अनुभव प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल व चार पासपोर्ट साइज फोटो आदि के साथ राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान फतेहपुर अथवा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बिन्दकी में प्रवेश हेतु एक सप्ताह के अन्दर उपस्थित होकर वेबसाइट पर पंजीकरण करायें।
———————————– 
    आग से तबाह परिवार को रेडक्रॉस सोसाइटी ने दिया सहारा
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। शहर के गढ़ीवा निवासी पिंटू के घर में मोमबत्ती से लगी आग ने उनकी पूरी गृहस्थी को राख कर दिया। घर का सारा सामान जलकर खाक हो गया, जिससे परिवार गंभीर संकट में फंस गया। इस दुखद घटना की जानकारी आचार्य रामनारायण से मिलने के बाद इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी ने तुरंत संवेदनशीलता दिखाते हुए मदद का हाथ बढ़ाया। सोसाइटी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं चेयरमैन डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने स्वयं पिंटू के घर पहुंचकर अल्प सहायता प्रदान की। जिसमें कपड़े, तिरपाल, बर्तन सेट, दस किलो आटा, दस किलो चावल, हल्दी, धनिया, नमक, दोनों बच्चों के लिए पिचकारी, टोपी, गुलाल, गुब्बारे, मुखौटे, रजाई, बर्तन कैरट, बाल्टी आदि शामिल रहे। इस अवसर पर अभिनव श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे। डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि ऐसी आपदाओं में प्रभावित परिवारों की तत्काल मदद करना रेड क्रॉस का मूल मंत्र है, और संगठन भविष्य में भी ऐसी सहायता जारी रखेगा। यह छोटी सी मदद पिंटू परिवार को नए सिरे से जीवन शुरू करने में सहायक सिद्ध होगी।
————————————- 
  करंट की चपेट में आकर दो की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। राधानगर थाना क्षेत्र के अंदौली में शुक्रवार की सुबह शटरिंग का काम करते समय 22 वर्षीय युवक करंट की चपेट में आ जाने से गंभीर रूप से झुलस गया। जिसे उपचार के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसी प्रकार मलवां थाना क्षेत्र के अंतर्गत ट्रक से माल उतारते समय करंट की चपेट में आ जाने से 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार सदर कोतवाली क्षेत्र के जयराम का पुरवा निवासी राज बहादुर का पुत्र अखिलेश शटरिंग का काम करता था। बताते हैं कि अंदौली निवासी प्रमोद के घर का निर्माण हो रहा था। जिसमें शुक्रवार की सुबह दो मंजिले में शटरिंग लगाते समय एचटी लाइन की चपेट में आकर नीचे गिर गया। गंभीर अवस्था में उसे उपचार के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसी प्रकार राधानगर थाना क्षेत्र के उमरी गांव निवासी जगतपाल का पुत्र अजय मजदूरी करता था। बताते हैं कि ट्रक में माल लोड करते समय एचटी लाइन की चपेट में आ गया जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। उधर घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।
———————————— 
     अलग-अलग सड़क हादसों में दो घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। अलग-अलग थाना क्षेत्रों के अंतर्गत हुए सड़क हादसों के दौरान छात्र समेत दो लोग घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार ललौली थाना क्षेत्र के कोढ़ाल गांव निवासी धर्मपाल का 12 वर्षीय पुत्र लाल सिंह कक्षा सात का छात्र है। छुट्टी के बाद साइकिल से घर जा रहा था। तभी स्कूल से कुछ दूरी पर चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दिया जिससे वह घायल हो गया। इसी तरह मलवां थाना क्षेत्र के पनई गांव निवासी स्व0 धनराज का 25 वर्षीय पुत्र शिवम बाइक से रिश्तेदारी में आ रहा था। जब वह हिकमतउल्ला पार्क के पास पहुंचा तभी दूसरी बाइक से भिड़ंत हो गई। जिससे वह घायल हो गया। सूचना पर पहुंची सरकारी एंबुलेंस ने घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *