परिजनों ने हत्या की जताई आशंका, जांच में जुटी पुलिस

     बजहा बाबा मंदिर में लटका मिला युवक का शव
परिजनों ने हत्या की जताई आशंका, जांच में जुटी पुलिस
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर— थरियांव थाना क्षेत्र के सखियांव में बजहा बाबा मंदिर में 30 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान सुशील पुत्र पीताम्बर लाल के रूप में हुई है। घटना के बाद से मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
परिजनों ने बताया कि सुशील का शव मफलर के फंदे से लटका हुआ था, लेकिन शरीर का आधा हिस्सा जमीन पर टिका हुआ (बैठी हुई स्थिति में) था। शव की इस स्थिति को देखकर ग्रामीणों और परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से साफ इनकार कर दिया है। पिता पीताम्बर लाल का आरोप है कि उनके बेटे की निर्मम हत्या कर साक्ष्य छिपाने के लिए उसे फंदे पर लटकाया गया है। पत्नी की डिलीवरी के लिए रखे 25 हजार रुपये गायब मृतक के पिता ने लूट की ओर इशारा करते हुए बताया कि सुशील मजदूरी करता था। उसकी पत्नी तेज रानी गर्भवती है और जल्द ही उसकी डिलीवरी होने वाली थी। इसी खर्चे के लिए सुशील 25000 रुपये की व्यवस्था करके लाया था। घटना के बाद से वह नकदी गायब है, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि पैसों के लालच में वारदात को अंजाम दिया गया है। सुशील अपने चार भाइयों में मंझला था और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। उसकी मौत से पत्नी तेज रानी का रो-रोकर बुरा हाल है। थरियांव पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। परिजनों की तहरीर और साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।


…………………………………………………………….. 
प्रदेश मीडिया प्रभारी बने अमित यादव
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर— भारतीय किसान यूनियन महात्मा टिकैत के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल तालान ने संगठन मजबूती व संगठन के प्रचार-प्रसार को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए थरियांव निवासी अमित यादव को प्रदेश मीडिया प्रभारी के पद की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होने पार्टी के अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किए जाने पर जोर दिया। साथ ही प्रदेश के पीड़ित किसानों के हक व हुकूक की लड़ाई में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाने के निर्देश दिए हैं।
—————————————- 
दो बाइकों की भिड़ंत में छात्र की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर — बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के ललौली रोड कैलाश मंदिर के सामने सोमवार की दोपहर दो बाइकों की तेज टक्कर में एक बाइक में सवार छात्र हिमांशु पाल 18 वर्ष पुत्र सुभाष पाल निवासी ग्राम टकौली थाना जहानाबाद की मौके पर मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची हालांकि जीवित रहने की आशा पर एंबुलेंस द्वारा हिमांशु पाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां पर चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक हिमांशु पाल के परिजनों को दिया। छात्र की मौत की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजन व गांव के लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी पहुंचे। बताया जाता है कि मृतक हिमांशु पाल जहानाबाद कस्बे के विकास विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में कक्षा 12 बी का छात्र था। लोगों का अनुमान है कि हिमांशु पाल अपने दोस्तों के साथ बाइक में बिंदकी कस्बा घूमने आया था और तभी दूसरी बाइक की टक्कर से उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
.………………………………………………………………… 
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
– हादसे में साथी गंभीर रूप से घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के नऊवाबाग एनएच-2 में सोमवार की सुबह ट्रक की चपेट में आ जाने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई वहीं दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार राधानगर थाना क्षेत्र के ग्राम चांदपुर निवासी कल्लू उर्फ रंजीत पुत्र बाबू 22 वर्ष अपने दोस्त कैलाश पुत्र शिवचन्द्र निवासी ईंट गांव के साथ बाइक से बिंदकी जा रहे थे। जैसे ही ये लोग नऊवाबाग के समीप पहुंचे तभी ट्रक ने टक्कर मार दिया। कल्लू की मौके पर ही मौत हो गई वहीं कैलाश गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने घायल को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *