खेत में पड़ा मिला किसान का शव
– पुलिस ने शुरू की जांच-पड़ताल
फोटो परिचय- घटनास्थल पर लगी भीड़।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ बिंदकी, फतेहपुर। किसान का शव खेत में पड़ा देखा गया तो हड़कंप मच गया। मौके पर भारी भीड़ लग गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही जांच-पड़ताल भी शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार कोतवाली बिंदकी क्षेत्र की रारी खुर्द गांव में किसान अजय कुमार पटेल उर्फ गुड्डू पटेल 38 वर्ष पुत्र रामबाबू पटेल का शव खेत में पड़े देखा गया तो हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण पूरी तरह से स्पष्ट हो पाएगा। परिजनों ने बताया कि किसान अजय कुमार पटेल उर्फ गुड्डू पटेल रात को खेत में पानी लगाने गए थे इसके बाद रात में वापस घर नहीं आए। सुबह खेत में मृत अवस्था में पड़े मिले। किसान की मौत के बाद परिजन रो रो कर बेहाल रहे।
——————————-
दो गैंगस्टर अभियुक्तों पर 25-25 हजार का ईनाम घोषित
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ — फतेहपुर। पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने सदर कोतवाली में पंजीकृत अभियोग के दो गैंगस्टर अभियुक्तों पर 25-25 हजार रूप्ए का नगद पुरस्कार घोषित किया है।
बताते चलें कि थाना कोतवाली पर पंजीकृत अभियोग मु0अ0सं0 757/22 धारा 2/3 गैंगेस्टर अधिनियम में वांछित अभियुक्त महराजा महतो पुत्र भगत महतो निवासी मोइनी समस्तीपुर बिहार की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु टीमें लगायी गयी हैं। फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु एसपी ने 25000 का नगद पुरस्कार घोषित किया है। इसी तरह थाना कोतवाली पर पंजीकृत अभियोग मु0अ0सं0 717/2022 धारा 2/3 गैंगेस्टर अधिनियम में वांछित अभियुक्त मो0 शमशाद उर्फ पप्पू पुत्र अली हसन निवासी ग्राम सनगांव थाना-कोतवाली की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु टीमें लगायी गयी हैं। फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु एसपी ने 25000 का नगद पुरस्कार घोषित किया।
———————————–
परिवार न्यायालय की अवकाश सूची जारी
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश राजेश उपाध्याय ने बताया कि उच्च न्यायालय के परिपत्र के अनुसार 14 जनवरी को मकर संक्रान्ति, 05 मार्च को होली, 23 अप्रैल को मुहर्रम की सातवीं (अवकाश स्थानीय चन्द्रदर्शन के अनुसार पुनः निर्धारित किया जा सकता है), 26 अगस्त को बारावफात (अवकाश स्थानीय चन्द्रदर्शन के अनुसार पुनः निर्धारित किया जा सकता है) एवं 28 अगस्त को रक्षाबन्धन के अवसर पर स्थानीय अवकाश घोषित किया जाता है। इसी प्रकार उच्च न्यायालय की अवकाश सूची के क्रम संख्या (7) पर अंकित टिप्पणी के अनुसार 15 फरवरी को महाशिवरात्रि अवकाश रविवार के दिन पड़ने के कारण 19 अक्टूबर को दशहरा (महाअष्टमी) एवं 08 नवंबर को दीपावली अवकाश रविवार के दिन पड़ने के कारण 10 नवंबर को दीपावली का अतिरिक्त अवकाश घोषित किया जाता है।
——————————–
ठंड लगने से वृद्ध की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र के ग्राम चकिया मजरे मलाव में ठण्ड लगने से 70 वर्षीय वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गयी। जानकारी के अनुसार चकिया मजरे मलाव गांव निवासी स्व0 गरीवा का पुत्र जगरूप गुरूवार की शाम घर से निकला था। काफी देर बीतने पर जब वह वापस नहीं आया तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू कर दी लेकिन उसका कोई सुराग न लगा। शुक्रवार की सुबह चकीवा तिराहा के पास जगरूप मृत अवस्था में मिला। तभी परिजनों ने इसी सूचना क्षेत्रीय पुलिस को दे दी। मौके में पहुची पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन ग्रह भेज दिया। घटना की जानकारी पोस्ट मार्टम हाउस में मृतक के भतीजा ज्ञानचन्द्र ने दी।
—————————–
सड़क हादसों में एक मौत, दूसरा घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। हथगाम थाना क्षेत्र के मानापुर के पास गुरूवार की रात सड़क पार कर रहे 25 वर्षीय युवक को तेज रफ्तार युवक ने टक्कर मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसकी इलाज के दौरान सदर अस्पताल में मौत हो गयी।
जानकारी के अनुसार ललौली थाना क्षेत्र के परेठी गांव निवासी स्व0 सूरजदीन का पुत्र राहुल अपने आधा दर्जन साथियों के साथ बाइक से हथगाम थाना क्षेत्र के अर्न्तगत सुअर बेचने गया था। रात लगभग 8 बजे वापस लौटते समय माना पुर के समीप सभी गाड़ी खडी कर लघुशंका करने लगे। जबकि राहुल सड़क के दूसरी ओर चला गया। वापस लौटते समय विपरित दिशा से तेज रफ्तार आ रही पिकअप ने टक्कर मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घर वाले उसे हथगाम सीएचसी ले गये। जहां चिकित्सीय उपचार के बाद हालत ठीक न होने पर सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे सरकारी एम्बुलेंस द्वारा उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां इलाज दौरान उसने दम तोड़ दिया। वहीं सूचना पाकर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन ग्रह भेज दिया। घटना की जानकारी पोस्ट मार्टम हाउस में मृतक का बड़ा भाई सुनील ने दी है। इसी प्रकार गाजीपुर थाना क्षेत्र के शाह निवासी रामबली का 45 वर्षीय पुत्र सुभाष बाइक लेकर किसी काम से जा रहा था। जब वह गांव के बाहर पहुंचा तभी सामने से आ ही बाइक से भिडन्त हो गयी। जिससे वह घायल हो गया। सूचना पाकर मौके में पहुंची सरकारी एम्बुलेंस ने घायल को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां बाद में परिजन उसे प्राइवेट नर्सिग होम ले गये।

