कृषक गोष्ठी में किसानों को किया जागरूक, गोष्ठी में भाग लेते अतिथि
कृषक गोष्ठी में किसानों को किया जागरूक, गोष्ठी में भाग लेते अतिथि
कृषक गोष्ठी में किसानों को किया जागरूक
फोटो परिचय- गोष्ठी में भाग लेते अतिथि। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा / फतेहपुर। विकास खंड ऐरायां में बुधवार को रबी फसलों की उन्नत खेती एवं नवीन कृषि तकनीकों के प्रसार हेतु एक भव्य किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में कृषकों ने प्रतिभाग किया। कृषि विशेषज्ञों से सीधे वार्ता कर महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं।
गोष्ठी का उद्देश्य रबी फसलों की उत्पादकता बढ़ाना, उन्नत बीजों का प्रयोग, मृदा स्वास्थ्य सुधार तथा समेकित कीट एवं रोग प्रबंधन के प्रति किसानों को जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख अनुज प्रताप सिंह ने किसानों को वैज्ञानिक विधियों को अपनाने तथा गुणवत्तापूर्ण बीज एवं संतुलित उर्वरक उपयोग पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय दोगुनी करने हेतु प्रतिबद्ध है और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को तकनीकी एवं आर्थिक सहयोग प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने किसानों से अपील कि वे विभागीय योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर उत्पादन बढ़ाएं। गोष्ठी के नोडल अधिकारी अमित कुमार मिश्रा, भूमि संरक्षण अधिकारी ने मृदा संरक्षण, खेत तालाब, जल संचयन एवं भूमि सुधार संबंधी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रबी फसलों में संतुलित उर्वरक प्रबंधन और जैविक तत्वों के प्रयोग से मिट्टी की उर्वरता को लंबे समय तक बनाए रखा जा सकता है। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने रबी फसलों में रोग एवं कीट नियंत्रण, उन्नत किस्मों का चयन, समय पर बुवाई, बीज शोधन तथा पोषक तत्व प्रबंधन पर वैज्ञानिक जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से दलहनी फसलों में राइजोबियम कल्चर के उपयोग, सल्फर एवं जिंक के महत्व तथा समेकित पोषक तत्व प्रबंधन पर जोर दिया। एसएमएस विनय कुमार एवं संजय सिंह (एडीओ पीपी) ने फसल सुरक्षा, कीटनाशक के सुरक्षित उपयोग एवं मौसम आधारित कृषि सलाह पर प्रकाश डाला। राजकीय बीज गोदाम प्रभारी विक्रम सिंह ने प्रमाणित बीजों की उपलब्धता एवं वितरण प्रक्रिया की जानकारी दी। कार्यक्रम में देवेंद्र मिश्र, देवेंद्र सिंह, हरिश्चंद्र सिंह एवं संदीप यादव मौजूद रहे।